अनुप्रिया की नाराजगी के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने की दागियों को टिकट न देने की मांग, किया प्रदर्शन
मिर्जापुर से सांसद व केंद्रीय परिवार कल्याण स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भाजपा की ओर से थोपे जा रहे प्रत्याशी को दागी बताते हुए नाराजगी जता चुकी हैं।
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की मड़िहान विधानसभा सीट पर भाजपा अपना प्रत्याशी अपना दल पर थोप रही है। मिर्जापुर से सांसद व केंद्रीय परिवार कल्याण स्वास्थ्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भाजपा की ओर से थोपे जा रहे प्रत्याशी को दागी बताते हुए नाराजगी जता चुकी हैं। इस सीट पर प्रत्याशी उतारने को लेकर गठबंधन तोड़ने की नौबत उत्पन्न हो गई थी। अभी तक तो गठबंधन की नेता अनुप्रिया नाराजगी जता रही थीं, लेकिन शुक्रवार को मड़िहान विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने दागियों को टिकट न दिए जाने की मांग को लेकर नगर के बरौंधा कचार स्थित भाजपा के जिला कार्यालय पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। जिस समय कार्यकर्ता जिला कार्यालय पर पहुंचे थे, उस समय पार्टी का कोई पदाधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं था। जिलाध्यक्ष बालेंदुमणि त्रिपाठी ने कार्यकर्ताओं से अनुशासन बनाए रखने का अनुरोध किया है।

राष्ट्रीय महासचिव फर दागी को टिकट देने का आरोप
भाजपा ने मड़िहान विधानसभा क्षेत्र से अभी तक किसी को टिकट नहीं दिया है। इस विधानसभा क्षेत्र से पार्टी कार्यकर्ता किसी बेहतर उम्मीदवार को उतारे जाने की मांग कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह एक दागी व्यक्ति को इस विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाने की फिराक में हैं। पार्टी कार्यकर्ता इसे हरगिज बर्दास्त नहीं करेंगे। इस दौरान जुटे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय महासचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। विरोध जताने वालों में सिद्धनाथ सिंह, आनन्द सिंह, विद्याभूषण सिंह, सुधाकर सिंह, रवि गुप्ता, उदय सिंह, जगदीश मौर्य, अनिल कुमार सिंह, अशोक सिंह पटेल, मंगला प्रसाद सिंह, अशोक पटेल, उदय नारायण, दिनेश पटेल आदि शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications