PM मोदी की राजनेता एवं कुशल प्रशासक की छवि को जनता के बीच ले जाएगी BJP, ये है पूरा प्लान
लखनऊ, 22 जुलाई: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करने के बाद अब बीजेपी ने 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले अपने स्टार नेता पीएम नरेंद्र मोदी की इमेज चमकाने के लिए उनकी राजनीतिक यात्रा से जुड़ी एक पुस्तक को केंद्र में रखकर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के समय से एक राजनेता और प्रशासक के रूप में उनके कार्यकाल पर प्रकाशित एक पुस्तक पर चर्चा के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगी।

बीजेपी के नेताओं की माने तो पहले चरण में शुक्रवार से 28 जुलाई तक जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के माध्यम से मोदी के बारे में बताकर लोगों को बीजेपी से जोड़ने की कवायद की जाएगी। बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक मोदी की लोकप्रियता को और बढ़ाने का यह प्लान हैदराबाद में हाल ही में सम्पन्न हुई राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में तैयार किया गया था।
सूत्रों की माने तो प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों में मोदी @20 पुस्तक पर चर्चा होगी, जिसकी प्रस्तावना प्रतिष्ठित गायिका स्वर्गीय लता मंगेशकर ने लिखी थी। कार्यक्रम के अनुसार एक अगस्त से प्रखंड और तहसील स्तर पर कार्यक्रम शुरू होंगे। कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक और कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे।
कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के लिए सुभाष यदुवंश को प्रदेश संयोजक बनाया गया है। शुक्रवार को स्वतंत्र देव सिंह प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि यूपी के मंत्री धर्मपाल सिंह स्वर्ण जयंती सभागार, बुंदेलखंड कॉलेज, झांसी में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक राज्य के सभी जिलों के नामचीन शैक्षणिक संस्थानों में भी मोदी के उपर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा और इसमें गुजरात के सीएम बनने से लेकर देश का पीएम बनने तक का राजनीतिक सफर युवाओं को बताया जाएगा। युवाओं को यह बताने का प्रयास किया जाएगा कि एक प्रशासक और कुशल राजनेता के तौर पर मोदी किस तरह से देश ही नहीं दुनियाभर में लोकप्रिय हुए हैं और देश के गौरव को बढ़ाने का काम किया है।
बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि 2001 में मोदी जब गुजरात के पहली बार सीएम बने थे तब से लेकर आज तक की उनकी राजनीतिक यात्रा को युवाओं के सामने पेश किया जाएगा। इसके लेकर बीजेपी यूपी की ईकाई की तरफ से कार्यक्रमों को लेकर एक डिटेल प्लान तैयार किया गया है।
यह कार्यक्रम करीब दो महीने तक यूपी के सभी जिलों में स्थिति शैक्षणिक संस्थानों के अलावा अन्य जगहों पर भी कराया जाएगा जाएगा। सूत्रों की माने तो बीजेपी आम चुनाव से पहले मोदी की लोकप्रियता को और बढ़ाना चाहती है। खासतौर से 18 साल के युवाओं को इसके लिए टारगेट पर रखा गया है।












Click it and Unblock the Notifications