इंदौर: राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए बीजेपी के कद्दावर विधायक
इंदौर। मप्र चुनाव के ठीक पहले बीजेपी को दोहरा झटका लगा है। राहुल गांधी की इंदौर यात्रा के दौरान बीजेपी के तीन बड़े नेताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। इन नेताओं के पाला बदलने से कांग्रेस को लाभ की संभावना बताई जा रही हैं। नरसिंहगढ़ जिले के तेदूखेड़ा के भाजपा विधायक संजय शर्मा ने भाजपा से किनारा कर लिया और कांग्रेस में शामिल हो गए है। संजय शर्मा इंदौर के होटल रेडिसन में राहुल गांधी व कमलनाथ से मिले। वहीं दूसरी ओर दतिया के भांडेर से पूर्व विधायक कमलापत आर्य व पूर्व राज्यमंत्री व मप्र पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. गुलाब सिंह किरार ने भी भाजपा का साथ छोड़ दिया। इस तरह भाजपा नेताओं द्वारा भाजपा का साथ छोड़ना और कांग्रेस में शामिल हो जाना चुनावों से पहले बीजेपी के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

कांग्रेस को उम्मीद
कांग्रेस पिछले 15 साल से मप्र में सत्ता से बाहर है। इस बार माना जा रहा है कि प्रदेश में शिवराज सिंह के खिलाफ एक माहौल है। कांग्रेस इसी माहौल का फायदा उठाना चाहती है। राहुल गांधी इस चुनाव प्रचार में पूरी तरह से सक्रिय हैं। वह हर दौरे की शुरुआत मंदिर में जाने के साथ कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बीजेपी पार्टी के सर्वे में संजय शर्मा के टिकट कटने की चर्चा चल रही थी। कांग्रेस में शामिल होने के बाद संजय शर्मा ने शिवराज पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह के नेतृत्व में घुटन महसूस हो रही थी। सिर्फ बातों के अलावा मुख्यमंत्री ने मेरे विधानसभा क्षेत्र में कुछ नहीं किया। वहीं अगर बात किरार की करें तो व्यापम घोटाला में नाम आने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने उनसे दूरी बना ली थी।

राहुल को देखने के लिए उमड़ी भीड़
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिन के लिए इंदौर-मालवा संभाग के दौरे पर हैं। राहुल गांधी को इस दौरान देखने के लिए युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ के चलते वे थोड़ा असहज भी नजर आए। भीड़ के कारण उनके सुरक्षा कर्मियों और एसपीजी की टीम को भी खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां जनता को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाह रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications