लखीमपुर खीरी बवाल में भाजपा नेता समेत 3 गिरफ्तार, कर्फ्यू जारी
एक वायरल वीडियो के चलते लखीमपुर खीरी में बवाल हो गया। इस मामले में भाजपा नेता समेत तीन की गिरफ्तारी हुई है जिन पर भीड़ को उकसाने के आरोप हैं।
लखीमपुर खीरी। एक भड़काऊ वीडियो वायरल होने की वजह से गुरुवार की रात में लखीमपुर खीरी में दो पक्ष भिड़ गए। बवाल के बाद क्षेत्र में भारी तनाव को देखते हुए इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनोद गुप्ता समेत तीन को हिरासत में लिया है। इन तीनों पर उपद्रवी भीड़ को भड़काने, तोड़फोड़ करवाने के आरोप हैं। इस मामले में एक युवक गोली लगने से घायल हुआ और कई इलाकों में तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं।

गुरुवार की रात हुए बवाल के बाद लगाए गए कर्फ्यू में शुक्रवार की सुबह में कोई ढील नहीं दी गई है। अभी प्रशासन लोगों को घर से न निकलने की अपील कर रहा है। जरूरी सामानों के लिए दुकानें खुली हैं। हिरासत में लिए गए भाजपा नेता विनोद गुप्ता समेत 3 लोगों पर आरोप है कि उन्होंने भीड़ को उपद्रव करने के लिए उकसाया। भीड़ को भड़काने वाले अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।

गोली से घायल हुए शख्स की तरफ से कोतवाली में तहरीर दी गई है। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है। पुलिस ने तनावग्रस्त क्षेत्रों में मार्च निकाला। सोशल मीडिया पर भी पुलिस नजर रख रही है। जिलाधिकारी, एसपी समेत तमाम अधिकारी रातभर गश्त करते रहे। शहर में चौपहिया वाहनों और बाईकों के चलने पर रोक लगाई गई है। आईजी, डीआईजी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। लोगों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की जा रही है।
भड़काऊ वीडियो से हुआ बवाल
एक भड़काऊ वीडियो की वजह से तराई का शांत शहर लखीमपुर खीरी गुरुवार को अचानक गरमा गया। भारी तनाव के बीच जगह-जगह विरोध प्रदर्शन और हंगामे हुए। बाजार बंद हो गए। हालात खराब होते देख प्रशासन को रात होते-होते पूरे शहर में कर्फ्यू लगाना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, शहर के ही एक छात्र ने दोस्त के साथ मिलकर भड़काऊ वीडियो बनाया था और उसे सोशल मीडिया पर लोड कर दिया। एक दिन पहले वीडियो वायरल होते ही तनाव के हालात बन गए थे। पहचान होने पर पुलिस ने एक आरोपी छात्र पर रिपोर्ट दर्ज की थी।
पुलिस ने मुख्य आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी उसके दोस्त शहर से ही पकड़ लिया गया था। बवाल की आशंका से पुलिस ने गुरुवार शाम दोनों आरोपी कोर्ट में पेश करने की जगह चुपके से जेल में दाखिल कर दिए थे। इसके बाद शहर का माहौल गरम होता चला गया।












Click it and Unblock the Notifications