मथुरा की मांट विधानसभा सीट पर टूटा रिकॉर्ड, 1989 से जीतते आ रहे श्याम सुंदर शर्मा को BJP कैंडिडेट ने हराया
मथुरा, मार्च 10। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों ने पिछले 37 साल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। 37 साल बाद यूपी के अंदर कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। इसके अलावा धर्मनगरी मथुरा में भाजपा ने पहली बार सभी 5 सीटों पर क्लीन स्वीप किया है। मथुरा की मांट विधानसभा सीट पहली बार बीजेपी के खाते में आई है। 2017 के चुनाव में भाजपा को मथुरा में 5 में से 4 सीटों पर जीत मिली थी, बस मांट सीट पर बीएसपी कैंडिडेट श्याम सुंदर शर्मा जीते थे, लेकिन इस बार श्याम सुंदर शर्मा को बीजेपी के राजेश चौधरी ने हरा दिया है।

8 बार के विधायक श्याम सुंदर शर्मा को मिली हार
श्याम सुंदर शर्मा के लिए मांट विधानसभा क्षेत्र उनका गढ़ बन चुकी थी। कहते हैं कि मोदी और राम लहर में भी श्याम सुंदर शर्मा को उनकी सीट पर कोई नहीं हरा पाया था, लेकिन इस बार इस सीट पर इतिहास बन भी गया है और टूट भी गया है। श्याम सुंदर शर्मा पिछले 8 बार से लगातार विधायक बनते हुए आ रहे थे। 1989 से उनका इस सीट पर कब्जा था। श्याम सुंदर शर्मा की लोकप्रियता का अंदाजा आप इस बात से ही लगा सकते हैं कि वो टीएमसी के टिकट पर भी यहां से चुनाव जीत गए थे।

सुबह से ही मतगणना के हर राउंड में आगे रहे राजेश चौधरी
आपको बता दें कि मांट सीट पर सुबह से शुरू हुई मतगणना के पहले राउंड से ही श्याम सुंदर शर्मा बीजेपी के राजेश चौधरी से पीछे चल रहे थे। दूसरे और तीसरे स्थान के लिए एसपी-आरएलडी गठबंधन के प्रत्याशी संजय लाठर और श्याम सुंदर शर्मा के बीच होड़ लगी रही। मगर, पहले स्थान पर राजेश चौधरी बने रहे। मतगणना पूरी होने के बाद राजेश चौधरी को 83958 वोट मिले, जबकि बसपा के श्याम सुंदर शर्मा 74378 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे, जबकि संजय लाठर को 60585 वोट मिले।

कौन हैं राजेश चौधरी
मांट सीट के नए विधायक बनने जा रहे राजेश चौधरी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता रहे हैं और अपने कॉलेज समय में उन्होंने एबीवीपी के लिए राजनीति भी की है। राजेश चौधरी को पहली बार बीजेपी ने इस सीट से टिकट दिया था। भाजपा के लिए चुनौती बन चुकी इस सीट को राजेश चौधरी ने जीतकर भाजपा की झोली में डाल दिया। मथुरा में सीएम योगी के प्रचार के दौरान राजेश चौधरी उनके साथ मंच पर भी नजर आए थे।












Click it and Unblock the Notifications