भैयादूज पर बहन को बचाने के लिए लुटेरों से भिड़ा भाई, गोली लगने से हुई मौत
गाजियाबाद। यूपी में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने भैयादूज वाले दिन एक बहन से उसका भाई छीन लिया। मामला दिल्ली से सटे गाजियाबाद के कविनगर इंडस्ट्रियल एरिया का है। यहां लुटेरों ने युवती से लूट में नाकाम होने पर उसके भाई को गोली मार दी। आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और छानबीन कर रही है।

जानकारी के मुताबिक घूकना के रहने वाले शीशपाल की बेटी सविता अपने दो छोटे बच्चों और भाई मनोज (23) के साथ ग्रेटर नोएडा के महरौली में चचेरे भाई का टीका करने के बाद बाइक पर लौट रही थी। सुख सागर फार्म हाउस के सामने बाइक सवार बदमाशों ने इन्हें रोक लिया। लुटेरों ने सविता के जेवरात छीनने चाहे तो मनोज अपनी बहन को बचाने के लिए लुटेरों से भिड़ गया। लुटेरों ने उसे गोली मार दी। उन्होंने सविता पर भी गोली चलाई लेकिन वह बच गई।
मनोज को खून से लथपथ जमीन पर गिरा देख बदमाश वहां से फौरन भाग निकले। रास्ते से गुजर रहे लोग मनोज को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आपको बता दें कि इस वारदात से पहले इन बदमाशों ने नोएडा में भी एक महिला को लूटने की कोशिश की थी और नाकाम होने पर फायरिंग कर भाग निकले।












Click it and Unblock the Notifications