बवाना की घटना के बाद अपने वायरल वीडियो पर प्रीति अग्रवाल ने दी सफाई
नई दिल्ली। दिल्ली के बवाना में तीन फैक्ट्रियों में आग लगने के बाद आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। जिस तरह से उत्तरी दिल्ली की मेयर और भाजपा नेता प्रीति अग्रवाल का घटना के बाद वीडियो वायरल हुआ जिसमे वह कहती हैं कि यहां लाइसेंस हमारे एमसीडी के अंतर्गत आता है, इसलिए इसपर कुछ मत बोलो। इस वीडियो के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी लगातार उनपर निशाना साध रही है और खुद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस वीडियो को रीट्वीट किया है। लेकिन अब इस पूरे प्रकरण में प्रीति अग्रवाल ने अपनी सफाई दी है, उन्होंने कहा कि मैंने सिर्फ पूछा था कि यह फैक्ट्री किसके अधिकार क्षेत्र में आती है।

मैंने अपने सहयोगी से सिर्फ पूछा था
प्रीति अग्रवाल ने कहा कि मेरा जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है उसमे मैंने अपने सहकर्मी से सिर्फ यह पूछा था कि यह फैक्ट्री किसके अधिकार क्षेत्र में आती है और कौन इसे लाइसेंस देता है, हमे ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद इस पर किसी भी तरह का विवादित बयान या आरोप-प्रत्यारोप नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह औद्योगिक क्षेत्र डीएसआईडीसी के तहत आता है और इसके लिए जमीन का आवंटन दिल्ली सरकार ने किया है।

केजरीवाल मांगे माफी
मेयर ने कहा कि क्या फेक वीडियो बनाना और लोगों के बीच इसको लेकर भ्रम फैलाना सही है, मैं इसकी आलोचना करती हूं, मैं अपेक्षा करती हूं कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अपनी इस हरकत के लिए माफी मागेंगे। इस विवाद के सामने आने के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने भी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था, उन्हो्ंने कहा था कि प्रीति अग्रवाल ने यह पूछा था कि यह फैक्ट्री किसके अंतर्गत आती है, वह फुसफुसा रही हैं और सिर्फ ये फैक्ट्री ही सुनाई दे रहा है। लोग फर्जी वीडियो बना रहे हैं और भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं वह भी ऐसे समय में जब इस तरह की दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है, अरविंद केजरीवाल ने इस वीडियो को रीट्वीट किया है उन्हें अपनी इस हरकत के लिए लोगों से माफी मांगनी चाहिए।

17 लोगों की मौत
गौरतलब है कि दिल्ली के बवाना इलाके में शनिवार को आग लगने से 17 लोगों की मौत हो गई, मरने वालों में 8 महिलाएं हैं। इस घटना में कई लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। जान बचाने के लिए कई लोगों ने तीसरी मंजिल से छलांग तक लगा दी। फैक्ट्री के मालिक मनोज जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मरने वालों को केजरीवाल सरकरा ने 5-5 लाख व घायलों को 1-1 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। घटना के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करके दुख जताया है।
इसे भी पढ़ें- दिल्ली के बवाना में आग लगने के बाद भाजपा-आप के बीच राजनीतिक जंग












Click it and Unblock the Notifications