हरदोई के बाद अब बरेली में विचित्र बुखार से अब तक 19 की मौत
बरेली। उत्तर प्रदेश के हरदोई के बाद बरेली में रहस्यमयी बुखार का आतंक मचा हुआ है। शहर से लेकर देहात तक सैकड़ों लोग बुखार की चपेट में आ गए हैं तो वहीं दर्जनों लोग काल के गाल में समा गए हैं। बुखार की वजह से स्वास्थ्य विभाग 19 की मौत की बात कर रहा है। बुखार की दहशत के बाद स्वास्थ्य विभाग गांव में कैम्प लगाकर बीमार लोगों को दवा दे रहा है पर वहीं बरेली के जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की भीड़ जमा है। हर वार्ड में अधिकतर बुखार के मरीज ही नजर आ रहे हैं।

बरसात के बाद बरेली में रहस्यमयी बुखार का प्रकोप चल रहा है। बुखार का सबसे ज्यादा असर बरेली के देहात क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। बरेली में लगभग पिछले दस दिनों से रहस्यमयी बुखार से लोग परेशान हैं। हजारों लोग बुखार की चपेट में आने के बाद से बीमार चल रहे हैं तो वहीं बरेली का 350 बेड की कैपेसिटी वाला जिला अस्पताल बुखार के मरीजों से भरा हुआ है। जिला अस्पताल में बुखार से पीड़ित मरीज इतने ज्यादा आ रहे हैं कि महिला अस्पताल में भी 40 बेड डाल कर मरीजों को भर्ती किया गया है। जिला अस्पताल के सीएमएस की माने तो जिला अस्पताल के ओपीडी में हर रोज लगभग दो हजार मरीज आते हैं, उनमें अधिकतर बुखार के मरीज आ रहे हैं। जिला अस्पताल में भर्ती मरीज ठीक से इलाज न होने की बात कह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications