बाढ़ के पानी के साथ बहकर गांव आ गया मगरमच्छ, वन अधिकारी ने कहा- सुबह देखेंगे
बलरामपुर। इस समय उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के चलते लगभग हर जिले में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। ऐसा ही हाल बलरामपुर जिले का भी है। जहां के तराई इलाकों में काफी जलभराव हो गया है। इसी क्रम में जिले में जहरीले और खतरनाक जीवों के रिहायशी इलाकों में भी पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। जिले के गौरा क्षेत्र में एक घड़ियाल को देखे जाने से लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल घड़ियाल के मौजूदगी की सूचना डीएफओ को दे दी गई है।

मामला थाना गौरा चौराहा के ग्राम कुलहुईया एवं रजवापुर गाँव के निकट पिपराघाट का है, यहां सैर सपाटे के लिए निकले कुछ ग्रामीणों को बंधे के करीब कुछ हरकत महसूस हुई। जब ग्रामीणों ने करीब जाकर देखा तो एक घड़ियाल चहलकदमी करता नजर आया। घड़ियाल के दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। गांव के ही संजय जायसवाल, राम बहाल यादव ने इसकी सूचना समाजसेवी सुनील शुक्ल को दी जिसके बाद सुनील ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत देते हुए घड़ियाल के मौजूदगी की सूचना दूरभाष पर सुनील ने DFO बलरामपुर को दी।
सूचना के बाद जिला वन अधिकारी रजनीकांत मित्तल ने शाम के समय गांव में टीम के पहुंचाने में असमर्थता जताते हुए मामले को सुबह देखने की बात कही। जिम्मेदार अधिकारियों की ऐसी लापरवाह कार्य शैली के चलते यदि रात में कोई हादसा हो जाता है और किसी की जान चली जाती है तो उसके जिम्मेदार कौन होगा। जिला वन अधिकारी का इस तरह का जवाब तब है जब पूरे प्रदेश में बाढ़ ने दस्तक दे दी है और लोगों के गांव और घरों तक पानी पहुंच चुका है।












Click it and Unblock the Notifications