शाहजहांपुर में छात्र का अपहरण कर 30 लाख रुपए की फिरौती मांगी, दहशत
फिरौती की कॉल आने के बाद परिजन दहशत में हैं। उनको डर है कि कोई अनहोनी तो नहींं हो गई? पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में लगी है।
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बीए के छात्र के अपहरण की घटना ने पुलिस को सकते में डाल दिया है। अपहरणकर्ताओं ने छात्र की वापसी के बदले तीस लाख रुपये की फिरौती मांगी है। घटना के बाद से छात्र के परिवार में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस की दो टीमें अपह्रत छात्र की बरामदगी में जुटी हैं। पुलिस उस मोबाइल नंबर के सर्विलांस के जरिए अपहरणकर्ताओं का पता लगाने की कोशिश कर रही है जिससे छात्र के पिता से तीस लाख की फिरौती मांगी गई थी और पांच तारीख को पैसा लेकर आने को कहा था। फिलहाल अपहरणकर्ता पुलिस की पहुंच से बाहर हैं। Read Also: पति ने पत्नी को तीसरी मंजिल की खिड़की से फेंका, पुलिस से बचने को किया तमाशा

फिरौती न मिलने पर मर्डर की धमकी
बीए के छात्र राजूबाबू के अपहरण के बाद परिवार दहशत में है। मामला थाना आरसी मिशन क्षेत्र दिलावरपुर मोहल्ले का है। अपहरण किए गए छात्र की मां राम स्नेही ने बताया कि उनका 22 साल का बेटा राजू 30 दिसंबर 2016 को अपने घर से चक्की पर गेहूं पिसवाने गया था जिसके बाद वह लापता हो गया। परिवारवालों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन राजू का कोई पता नहीं चला। परिवार की उस वक्त पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई जब एक फोन कॉल पर राजू के अपहरण की बात कही गई। राजू के पिता के मोबाइल पर अपहरणकर्ताओं ने फोन करके तीस लाख की फिरौती मांगी है। अपहरणकर्ताओं ने धमकी दी कि अगर पांच दिनों के अन्दर फिरौती के तीस लाख रुपए नहीं दिये गये तो वे राजू की हत्या कर देंगे।

पुलिस ने पहले इस घटना को किया नजरअंदाज
परिजनों ने कहा कि अपहरण और फिरौती का फोन आने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस पहले तो परिजनों को खुद ही छात्र को तलाशने की बात कहती रही। मामला आलाधिकारियों के संज्ञान में आने पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर दो टीमें बनाकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। हलांकि पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाई करने में देर कर दी। समय रहते अगर पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेती तो शायद अपहर्ताओं के बारे में जल्दी कुछ पता चल सकता था।

अपहरणकर्ताओं के नंबर को सर्विलांस पर लगाया
जब राजू लापता हुआ तो कुछ देर परिजनों ने खुद ही ढूंढने की कोशिश की। इसके बाद छात्र के पिता के पास एक नए नंबर से फोन आया। फोन करनेवाले ने कहा कि तुम्हारा बेटा हमारे कब्जे में है। इसके बाद उसने तीस लाख रुपये की फिरौती भी मांगी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी ओर फिरौती के लिए आए फोन के बारे में भी बताया। सीओ सिटी शाहजहांपुर अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव ने बताया, 'अपहरण का एक मुकदमा दर्ज किया गया है। एक छात्र का अपहरण कर पैसे की मांग की गई है। जिस नंबर से फिरौती मांगने के लिए फोन आया था, उस नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है। अपहरणकर्ताओं को जल्द से जल्द पकड़ लिया जाएगा।'













Click it and Unblock the Notifications