Ram Mandir: राम मंदिर के 'पूजित अक्षत' 5 नवंबर से होंगे समर्पित, देशभर के 5 लाख गांवों में पहुंचेगा कलश
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में बनने वाले भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। जिसका वीडियो श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा साझा किया गया था। वीडियो में कारीगर मंदिर की नक्काशी कर रहे थे। वहीं अब मंदिर से जुड़ा बड़ी जानकारी सामने आई है।
अयोध्या से 5 लाख गांवों में पूजित अक्षत जाएंगे, जिनका वितरण विहिप के प्रांत प्रतिनिधियों को 5 नवंबर से शुरू करना है। ट्रस्ट ने मंगलवार को अपने एक पोस्ट पर इसकी जानकारी साझा की।

पोस्ट में बताया गया कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा दिवस अर्थात 22 जनवरी 2024 पर देश भर के पांच लाख से अधिक मंदिरों में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए आमंत्रण हेतु 'पूजित अक्षत' 5 नवंबर को देश भर के 45 प्रांतों से अयोध्या धाम पधारे कार्यकर्ताओं को समर्पित किए जाएंगे।
इस पूजित अक्षत को वे सभी कार्यकर्ता अपने प्रांतो में ले जाएंगे। इस अक्षत के माध्यम से देश के सभी शहर और ग्राम में जनमानस को उत्सव हेतु आमंत्रित किया जाएगा। इससे पहले मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के महोत्सव मनाने के लिए रामलला के सामने अक्षत पूजन किया जाएगा।
आपको बता दें कि देश के पांच लाख गांवों तक अक्षत पहुंचाने की जिम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद ने संभाली है। बताया जा रहा है कि तांबे के कलशों में अक्षत रखा गया। सूखे अक्षत में देशी घी व हल्दी लगाई गई है। इन अक्षतों का रामजन्मभूमि में पूजन होगा।
5 नवंबर को विहिप के सभी प्रांतों के प्रतिनिधि आएंगे। जो एक-एक कलश लेकर जाएगे। जिसका वितरण गांव-गांव स्तर पर होगा। पूजित अक्षत को देश के सभी मंदिरों में भी पहुंचाया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications