Ram Mandir: गर्भगृह में हुआ पूजन, क्रेन से मंदिर पहुंचे रामलला! 10 प्वाइंट में जानें क्या-क्या हुआ?
Ram Mandir: अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। प्रतिष्ठा समारोह से पहले कई अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को गर्भगृह में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य और 'यजमान' अनिल मिश्रा की उपस्थिति में प्राणप्रतिष्ठा समारोह से पहले पूजा अनुष्ठान किया गया।
रामलला की मूर्ति को क्रेन की मदद से राम मंदिर परिसर के अंदर ले जाया गया। मूर्ति को मंदिर के गर्भगृह में रखा जाएगा। इससे पहले दिन में, एक प्रतिनिधि मूर्ति एक चांदी के रामलला को राम मंदिर परिसर में ले जाया गया। आइए 10 प्वाइंट में जानते हैं 7 दिवसीय अनुष्ठान के दूसरे दिन क्या हुआ?

- प्राण प्रतिष्ठित की जाने वाली रामलला की श्यामवर्णी प्रतिमा ट्रक पर सवार होकर बुधवार रात राम मंदिर को निकली।
- विवेक सृष्टि से यह ट्रक लगभग शाम साढ़े सात बजे निकला। वहीं, बाहर खड़े भक्तों ने जय श्रीराम का उद्घोष करना शुरू कर दिया।
- ट्रक रामपथ से होता हुआ भक्ति पथ स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर के सामने से राम जन्मभूमि परिसर में लाया गया। जैसे मानों रामलला अपने सेवक हनुमान से मिलकर मंदिर पहुंचे हों।
- तकरीबन आठ बजे रामलला की प्रतिमा राम मंदिर में पहुंची। रास्ते भर लोग आराध्य की प्रतिमा को देखने के लिए लालायित दिखे।
- प्रतिमा को गर्भगृह के अंदर लाने से पहले गर्भगृह में एक विशेष पूजा आयोजित की गई।
- क्रेन के जरिए मूर्ति को राम मंदिर परिसर के अंदर लाया गया।
- श्रीराम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि मूर्ति को तीसरे दिन यानी गुरुवार को गर्भगृह में रखे जाने की संभावना है।
- 500 से अधिक महिलाओं ने जल कलश यात्रा अनुष्ठान में भाग लिया। जिसमें वे सरयू नदी से बर्तन भरकर राम मंदिर ले गईं। मूर्ति के परिसर में प्रवेश के बाद कलश यात्रा निकाली गई।
- बुधवार को ही टेलीविजन धारावाहिक 'रामायण' के फेमस एक्टर अरुण गोविल, सुनील लाहिड़ी और दीपिका चिखलिया ने अपने एल्बम 'हमारे राम आएंगे' की शूटिंग के लिए अयोध्या का दौरा किया।
- बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ को पत्र लिखकर 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक के अवसर पर देश भर की सभी अदालतों में छुट्टी घोषित करने का अनुरोध किया।
रामलला की 51 इंच लंबी मूर्ति
कर्नाटक के अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई रामलला की मूर्ति का परिसर में यह पहला प्रवेश है। रामलला की 51 इंच लंबी मूर्ति उनके बाल रूप का दर्शाती है। जिसको देखते ही एक राजा के गौरव और बच्चे की मासूमियत साफ झलकती है। प्राण-प्रतिष्ठा से पहले मंगलवार यानी 17 जनवरी से अन्य अनुष्ठान शुरू हुए। पीएम मोदी प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के मुख्य यजमान के रूप में 22 जनवरी को शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications