मुरादाबाद में पत्रकार पर सट्टा माफिया ने किया हमला, न्याय की गुहार
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रविवार की देर शाम एक पत्रकार पर सट्टा माफिया ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर हमला बोल दिया। लोगों की भीड़ ने बड़ी मुश्किल से पत्रकार को बचाया। आरोपी सट्टा माफिया तमंचा लहराता हुआ अपने गुर्गों के साथ मौके से फरार हो गया। पीड़ित पत्रकार सागर रस्तोगी ने पुलिस के आला अधिकारियों से गुहार लगाते हुए लिखित में शिकायत कर दी है।

पत्रकार ने बताया कि थाना मुगलपुरा क्षेत्र में रविवार की देर शाम एरिया के चर्चित सट्टा माफिया अनिल भेड़िया ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर हमला बोल दिया। पिछले दिनों उनके द्वारा सट्टे से जुड़ी खबरें चलाई गई थीं जिसके बाद से सट्टा माफिया अनिल भेड़िया रंजिश रखने लगा। उसने अपने गुर्गों के साथ मिलकर जानलेवा हमला किया और फरार हो गए। पत्रकार के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने उनको बचा लिया। हमले में पत्रकार को चोटें लगी हैं।
पीड़ित पत्रकार ने थाना मुग़लपरा पहुंचकर पुलिस को लिखित में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।












Click it and Unblock the Notifications