Atiq Ahmed: प्रयागराज जेल में बिगड़ी अतीक की तबीयत, ब्लड प्रेशर बढ़ा, नहीं आ रही नींद
Atiq Ahmed: माफिया अतीक अहमद की प्रयागराज जेल में तबीयत खराब हो गई है। अतीक का चेकअप करने के लिए दो डॉक्टरों की टीम अस्पताल पहुंची है।

Atiq Ahmed: माफिया अतीक अहमद को गुजरात से प्रयागराज की जेल लाया गया है। यहां उसे एक हत्या के मामले में कोर्ट में पेश किया जाना है। लेकिन रिपोर्ट के अनुसार अतीक अहमत की तबीयत जेल में बिगड़ गई है। अतीक ने अपने स्वास्थ्य को लेकर शिकायत की है, जिसके बाद दो डॉक्टरों की एक टीम अस्पताल पहुंची है।
अतीक अहमद का ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया है, उसने डॉक्टर को बताया कि उसे सोने में दिक्कत हो रही है, वह जेल की बैरक में दो घंटे से ज्यादा सो नहीं पाया है। इसके साथ ही अतीक ने जेल में गर्मी की भी शिकायत की है। बता दें कि अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को आज सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसे उमेश पाल हत्या केस में पेश किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश पुलिस कोर्ट में सुनवाई के दौरान अतीक अहमद और उसके भाई की 14 दिन की हिरासत मांग सकती है। बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद मुख्य आरोपी है। उमेश पाल बसपा विधायक राजू पाल की 2005 में हुई हत्या का चश्मदीद गवाह था। लेकिन उमेश पाल की भी प्रयागराज में दिनहदाड़े हत्या कर दी गई। अतीक अहमद राजू पाल हत्याकांड का भी आरोपी है।
जब प्रयागराज अतीक अहमद को लाया जा रहा था तो उस दौरान मीडिया से बात करते हुए अतीक अहमद ने कहा था कि मेरे परिवार को बर्बाद कर दिया गया, मुझे जबरन इस मामले में रगड़ा जा रहा है। जब उमेश पाल की हत्या हुई तो मैं जेल में था, मुझे इस हत्या के बारे में कुछ नहीं पता है। इस षड़यंत्र में मैं शामिल नहीं हूं। मेरा इससे कोई लेना देना नहीं है।
बता दें कि इससे पहले एक अपहरण मामले में पेशी के लिए अतीक अहमद को प्रयागराज लाया गया था। इस मामले में कोर्ट ने अपना फैसला सुनाते हुए अतीक अहमद को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications