बीवी को सरप्राइज गिफ्ट देने के लिए ऑनलाइन खरीदा मोबाइल, अमेजॉन ने भेजा 10 रुपए का साबुन
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक फौजी को ऑनलाइन खरीदारी करना काफी महंगा पड़ गया। आईटीबीपी मुख्यालय में तैनात फौजी ने अपनी पत्नी को सरप्राइज गिफ्ट देने के लिए अमेजॉन कंपनी से मोबाइल की बुकिंग कराई और पार्सल आने पर जब उसने खोलकर देखा तो उसके होश उड़ गए। दरअसल पार्सल के अंदर मोबाइल की जगह साबुन की टिकिया निकली। फौजी ने अमेजॉन कंपनी में इसकी शिकायत की लेकिन जवाब से संतुष्टि ना मिलने पर उसने कानपुर एसएसपी को शिकायत दर्ज कराई।

डब्बा खोला तो उड़ गए होश
कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में बने आईटीबीपी कैम्प आफिस में तैनात फौजी अरुण कुमार मंडल ने अमेजॉन कंपनी से एक मल्टीमीडिया मोबाइल फोन ऑनलाइन बुक कराया था। अरुण ने मोबाइल बुक करने के दौरान ही क्रेडिट कार्ड से भुगतान कर दिया था। बुकिंग के बाद जब पार्सल उसके पास पहुंचा और जब उसने उसको खोला तो उसके होश उड़ गए। पार्सल में मोबाइल फोन की जगह साबुन की टिकिया निकली।

अमेजॉन ने नहीं दिया ठीक से जवाब
अरुण का कहना है कि अपनी पत्नी को गिफ्ट करने के लिए अमेजॉन कंपनी में 11 हजार का मोबाइल ऑनलाइन बुक कराया था लेकिन जब पार्सल आया और उसको खोलकर देखा तो उसमे मोबाइल की जगह दस रुपये वाली साबुन की टिकिया निकली। अरुण ने अमेजॉन कंपनी को कई बार फोन किया लेकिन कोई सही जवाब नहीं मिला और नंबर भी ब्लॉक कर दिया गया।

एसएसपी से की शिकायत
अरुण को अमेजॉन कंपनी में शिकायत करने के बाद भी जब कोई सही जवाब नहीं मिला तो उसने कानपुर एसएसपी से शिकायत की। डिप्टी एसपी मनोज कुमार गुप्ता का कहना है कि 32 वाहनी भारत तिब्बत बॉर्डर के फौजी अरुण कुमार मंडल ने अमेजॉन कंपनी से मोबाइल मंगाया था। उन्होंने शिकायत की है कि मोबाइल फोन की जगह साबुन की टिकिया निकली है। इस मामले को संज्ञान में लिया गया है। इन्होने उपभोक्ता फोरम में भी अपना मामला डाला है। पुलिस क्राइम ब्रांच से इसकी जांच कराई जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications