UP के टॉप अफसरों के साथ अमित शाह ने की 'राम जन्मभूमि परिसर' की हाइटेक सुरक्षा की समीक्षा
लखनऊ, 29 जुलाई: उत्तर प्रदेश में तीन अप्रैल को गोरखनाथ मंदिर परिसर में हमला होने के बाद यूपी सरकार ने अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी), श्री कृष्ण जन्मभूमि (मथुरा) और गोरखनाथ मंदिर (गोरखपुर) सहित सभी मंदिरों की हाई-टेक सुरक्षा के लिए एक प्रस्ताव तैयार किया था जो अभी भी विचाराधीन है। हालांकि शासन से जुड़े सूत्रों का दावा है कि श्रीराम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने यूपी के टॉप अधिकारियों के साथ गुरुवार को दिल्ली में बैठक की थी जिसमें उन्होंने इस परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।

शासन से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने यूपी के शीर्ष अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है। हालांकि योगी आदित्यनाथ सरकार दो महीने पहले गोरखनाथ मंदिर हमले के बाद अन्य सभी प्रमुख मंदिरों के लिए एक हाईटेक सुरक्षा योजना को लेकर तैयारी कर रही थी।
बैठक में एक वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
सूत्रों ने बताया कि यूपी के एक वरिष्ठ IAS अधिकारी और एक वरिष्ठ IPS अधिकारी गुरुवार को दिल्ली में गृह मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में शामिल हुए थे। केंद्रीय गृह मंत्री ने अयोध्या में 70 एकड़ में फैले राम जन्मभूमि परिसर के लिए बनाई जा रही सुरक्षा योजना की समीक्षा की है।
ऐसा माना जा रहा है कि शीर्ष अधिकारियों ने शाह को अब तक की गई सुरक्षा व्यवस्था और भविष्य के लिए तैयार की जा रही योजना के बारे में जानकारी दी थी। यह सुरक्षा व्यवस्था उस समय लागू की जाएगी जब मंदिर तैयार होगा और भक्तों के लिए खोला जाएगा। गृह मंत्री ने तैयारियों की समीक्षा के बाद अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। मंदिर निर्माण कार्य जोरों पर है और इसे जरवरी 2024 से 'दर्शन' के लिए खोला जा सकता है।
गोरखनाथ मंदिर में हमले के बाद से ही चल रही कवायद
दूरअसल राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की उस एजेंसी की सिफारिश पर सुरक्षा योजना तैयार की थी जिसने राम मंदिर परिसर के लिए वर्तमान और भविष्य की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की थी। इसके साथ ही, राज्य सरकार 3 अप्रैल को गोरखनाथ मंदिर में एक घटना के बाद से ही अन्य सभी प्रसिद्ध मंदिरों एंव धार्मिक स्थलों की की सुरक्षा चाक चौबंद करने की कवायद में जुटी हुई है। दरअसल एक आतंकी अहमद मुर्तजा अब्बासी गोरखनाथ मंदिर में जबरन प्रवेश कर गया था। इसके बाद उसने वहां तैनात एक सुरक्षाकर्मी पर चाकू से हमला कर दिया था।
गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद लागू होगी हाइटेक सुरक्षा
यूपी के गृह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि, "अयोध्या राम मंदिर, काशी विश्वनाथ मंदिर (वाराणसी), श्री कृष्ण जन्मभूमि (मथुरा) और गोरखनाथ मंदिर (गोरखपुर) सहित सभी मंदिरों की हाई-टेक सुरक्षा का प्रस्ताव सक्रिय रूप से विचाराधीन है और इसे मंजूरी मिलने के बाद लागू किया जाएगा। " दरसअल यूपी में सभी महत्वपूर्ण मंदिरों की सुरक्षा योजना के संबंध में प्रस्ताव राज्य के गृह विभाग को डीजीपी कार्यालय द्वारा एक विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों पर भेजा गया था।












Click it and Unblock the Notifications