अमेठी में बीजेपी ही नहीं कांग्रेस में भी रार, पूर्व मंत्री ने संजय सिंह पर लगाए संगीन आरोप
एक्स मिनिस्टर ने यूपी इलेक्शन में प्रचार समिति के अध्यक्ष बनाए गए कांग्रेस सांसद और अमेठी नरेश डॉ. संजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सांसद को पार्टी से साइड लाइन किया जाए।
सुल्तानपुर। पड़ोसी जिले अमेठी में बीजेपी के अंदर मिनिस्टर और एमएलए की रार थमी भी नहीं थी कि अब यहां कांग्रेस में एक्स मिनिस्टर ने यूपी इलेक्शन में प्रचार समिति के अध्यक्ष बनाए गए कांग्रेस सांसद और अमेठी नरेश डॉ. संजय सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सांसद को पार्टी से साइड लाइन किया जाए। एक्स मंत्री ने आरोप लगाते हुए कहा है कि अमेठी के राजा ने पार्टी संगठन को निजी संपत्ति मानते हुए उसे हाईजैक कर लिया है और इस नीति से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल मिट्टी में मिल जाएगा।

जिले में नहीं संजय सिंह का जनादेश
कांग्रेस पार्टी में अपने ही सांसद के खिलाफ बगावत के सुर फूट पड़े हैं, ये बगावती सुर पूर्व मंत्री मोईद अहमद द्वारा फूंके गए हैं। उन्होंने कहा है कि जिले की संगठन इकाई का बुरा हाल हो गया है। अमेठी के राजा संजय सिंह ने संगठन को अपने कब्जे में ले लिया है। अब वो संजय सिंह के नेतृत्व में काम नहीं करेंगे। उन्होंने जिले में कांग्रेस की बुरी स्थिति का जिम्मेदार भी संजय सिंह को ठहराया और कहा कि संजय सिंह का जिले में कोई जनादेश नहीं है। पिछले चुनाव में उनकी पत्नी रानी अनीता सिंह की जमानत जब्त हो चुकी है।

भौकाल नहीं जनता के सपोर्ट से बनता है नेता
मोईद अहमद ने कहा कि कोई नेता भौकाल से नही, जनता के सपोर्ट से बनता है। संजय सिंह के पास भौकाल के अलावा कुछ भी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय सिंह किसी भी फैसले में ना तो जनता की सुनते हैं और ना ही कार्यकर्ताओं की। जनभावनाओं के खिलाफ हो रहे उनके फैसलों ने पार्टी को गर्त में पहुंचा दिया है।
कमियां छिपाने के लिए पूर्व मंत्री ने लगाए आरोप
उधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार उर्फ मुन्नू मिश्रा ने राज्यसभा सांसद डॉ. संजय सिंह का बचाव करते हुए पूर्व मंत्री मोईद अहमद पर निशाना साधा है। जिलाध्यक्ष का कहना है कि हर जगह संगठन के कार्यकर्ताओं को सम्मान मिल रहा है। अपनी खामियां छिपाने के लिए पूर्व मंत्री ने घटिया आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर संजय सिंह की वजह से कार्यकर्ताओं को सम्मान मिल रहा है। सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए पूर्व मंत्री अनाप-शनाप बयान दे रहे है।












Click it and Unblock the Notifications