दो बच्चों संग बहू की खौफनाक मौत, भाग गया ससुर
इलाहाबाद। इलाहाबाद के माण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयलारी गांव में सुबह दर्दनाक घटना हुई है। यहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की दो मासूम बच्चों के साथ आग से जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर आईजी समेत जिले के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घटना के बाद मृतक महिला की मां ने ससुरालियों पर दहेज के खातिर बेटी को जला देना का एफआईआर दर्ज कराई है। स्थानीय पुलिस ने पूछताछ के लिए सास और जेठ -जेठानी को हिरासत में में ले लिया है। हालांकि महिला का पति काम के सिलसिले में बाहर रहता है, उसे भी सूचना देकर बुलाया गया है।

क्या है मामला
पुलिस के अनुसार 4 साल पहले गीता देवी की शादी माण्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयलारी गांव निवासी शिव बहादुर के साथ हुई थी। शादी के बाद गीता देवी ने दो बेटो को जन्म दिया, जिनमे एक बच्चा अभी सिर्फ 15 दिन का था। गीता की मां ने बताया कि उसकी बेटी को दहेज के लिये आये दिन प्रताड़ित किया जाता था। घर में कलह के चलते बेटी को मारा पीटा जाता। शिव बहादुर बाहर रहकर काम करता लेकिन जब वह घर आता तो वह भी दहेज के लिये उलाहना देता और प्रताड़ित करता था। आरोप है कि दहेज में रुपये और गहने न देने की वजह से गीता को दो मासूम बेटों के साथ जलाकर मार दिया गया।
ससुर फरार
मां और दो बेटों को जलाकर मारने की सूचना जैसे ही पुलिस महकमे में पहुंची हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आईजी जोन रमित शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में हत्या की बात सामने आई तो ससुरालियों को हिरासत में लिया गया, लेकिन इस बीच ससुर फरार हो गया। आईजी ने बताया कि मृतका गीता देवी के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ है। पूछताछ की जा रही है। जल्द सच्चाई सामने आ जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications