चाचा-भतीजे का दंगल आखिरी पड़ाव पर, जल्द होगा बड़ा ऐलान
शिवपाल और अखिलेश यादव के बीच कलह अपने अंतिम पड़ाव पर, आज हो सकता है बड़ा ऐलान, अखिलेश यादव ने अपने आवास 5 केडी पर कई लोगों से मुलाकात की।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के भीतर मची कलह में आज कोई बड़ा फैसला हो सकता है। पहले मुलायम सिंह ने 325 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, इसके बाद जिन अखिलेश समर्थकों का टिकट काटा गया था उन्हें अखिलेश यादव ने अपनी 235 उम्मीदवारों की लिस्ट में जगह दी। यही नहीं गुरुवार देर रात शिवपाल यादव ने बाकी बची 78 सीटों पर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी करके इस बात की पुष्टि कर दी कि सपा अब सीधे तौर पर दो गुट में बंट चुकी है और पार्टी दो अलग-अलग उम्मीदवारों की सूचि के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी।

अखिलेश की करीबियों संग बैठक जारी
देर रात तक चले सियासी घटनाक्रम के बाद आज अखिलेश यादव ने अपने आवास 5 केडी पर कई लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने समर्थकों के साथ मुलाकात कर आगे की रणनीति पर चर्चा की, ऐसे में देखने वाली बात यह होगी की अब अखिलेश यादव नई लिस्ट जारी करने के बाद क्या रुख अपनाएंगे। एक तरफ जहां अखिलेश यादव अपने आवास पर अपने घर पर सुबह से तमाम करीबियों के साथ बैठक कर रहे हैं तो दूसरी तरफ सपा कार्यालय के बाहर शिवपाल समर्थकों की भारी भीड़ जमा है और ये शिवपाल यादव के समर्थन में नारे लगा रहे हैं।
संशोधित लिस्ट लेकर पहुंचे शिवपाल
सपा के भीतर मचे घमासान के बीच मुलायम सिंह यादव ने इसे खत्म करने की कोशिश शुरु कर दी है, शिवपाल यादव उम्मीदवारों की संशोधित लिस्ट को लेकर मुलायम सिंह यादव के पास पहुंचेे हैं, माना जा रहा है इस लिस्ट में उन नामों को इसमें शामिल किया जा सकता है जो अखिलेश यादव के करीबी है। बहरहाल देखने वाली बात यह है कि इस लिस्ट में किन लोगों को जगह दी गई है और क्या यह लिस्ट अखिलेश यादव को मंजूर होगी।
यह भी पढे़- सपा में घमासान: जानिए हनुमान अखिलेश के लिए कौन बना जामवंत?
सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने जिस तरह से अपने तेवर दिखाए और किसी भी तरह के समझौते से साफ इनकार किया है, उसे देखते हुए साफ लग रहा है कि इस बार ना तो शिवपाल और ना ही अखिलेश किसी समझौते के लिए तैयार दिख रहे हैं। ऐसे में मुलायम सिंह यादव के सामने बड़ी चुनौती है कि कैसे वह सपा के भविष्य को बदलेंगे और पार्टी को टूटने से बचाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications