क्या सच में पलट जाएगी अतीक अहमद की गाड़ी? सीएम योगी का नाम लेकर अखिलेश यादव ने जताई आशंका
Atiq Ahmed: अहमदाबाद की साबरमती जेल से प्रयागराज स्थानांतरित करने के उत्तर प्रदेश पुलिस के कदम पर रोक लगाने के लिए माफिया डॉन अतीक अहमद के वकील उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटा सकत हैं।

माफिया अतीक अहमद को गुजरात की साबरमती जेल से वापस यूपी लाने के लिए योगी सरकार की पुलिस गुजरात पहुंच चुकी है। अतीक को वापस लाने के लिए 45 सदस्यीय टीम गुजरात पहुंची है, जिसमें 1 आईपीए समेत 3 डीसीपी और 40 कांस्टेबल भी शामिल है। देर शाम तक अतीक को लेकर पुलिस रवाना हो जाएगी। पुलिस अतीक को सड़क के रास्ते गुजरात से यूपी लाएगी। अब अतीक को सड़क के रास्ते यूपी लाने पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने अतीक अहमद की गाड़ी पलटने की आशंका जताई है।
जानें गाड़ी पलटने को लेकर क्या कहा अखिलेश ने
बता दें कि अतीक अहमद के यूपी लाने के मामले पर जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव से प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल पूछा गया तो उन्होंने यूपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रियों को बता दिया होगा कि गाड़ी पलट जाएगी। तभी उनके मंत्री ऐसे अनाप शनाप बयान दे रहे हैं। अखिलेश ने आगे कहा कि गाड़ी पलटने का यह रिकॉर्ड कहीं नहीं जाएगा। हमेशा रिकॉर्ड रहेगा, जब चाहेंगे तब मिल जाएगा।
अतीक को सड़क मार्ग से लाने पर 36 घंटे का समय लगेगा
मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि अतीक को गुजरात से यूपी लाने में 36 घंटे तक का समय लग सकता है। यूपी लाने से पहले अतीक का मेडिकल टेस्ट भी किया जाएगा। इस बीच यूपी के डीजीपी डीएस चौहान ने बताया कि पुलिस टीम साबरमती जेल पहुंच चुकी है और कागजी कार्रवाई चल रही है। हालांकि डीजीपी ने सुरक्षा कारणों के कारण यात्रा का मार्ग बताने से इनकार किया। साथ ही कहा कि पुलिस आम आदमी के साथ-साथ अभियुक्त की सुरक्षा का भी ध्यान रखती है।
आईपीएस अभिषेक भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम पहुंची गुजरात
आईपीएस अभिषेक भारती के नेतृत्व में 45 सदस्यीय टीम गुजरात गई है। जिसमें दो वज्र वाहन और 3 फोर व्हीकल के साथ-साथ 6 गाड़ियां और एक एंबुलेंस भी काफिले में शामिल होगी। अतीक को लेकर पुलिस 27-28 मार्च की रात को प्रयागराज पहुंचेगी और एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट में पेश करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications