वरुण के बाद अखिलेश ने किया मोदी सरकार पर कटाक्ष, बोले- BJP भारतीयों को बचाने की कर रही झूठी तारीफ़
वरुण के बाद अखिलेश ने किया मोदी सरकार पर कटाक्ष, बोले- BJP भारतीयों को बचाने की कर रही झूठी तारीफ़
लखनऊ, 01 मार्च: यूक्रेन में रूस के हमले के बाद वहां पढ़ाई कर रहे हजारों भारतीय छात्र-छात्राएं फंस गए हैं, जिसकी वजह से भारत में उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है। तो वहीं, अब भारतीयों को वापस लाने के मुद्दे पर मोदी सरकार घिरती नजर आ रही है। भाजपा सांसद वरूण गांधी के बाद अब सपा अध्यक्ष और यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भी मोदी सरकार पर कटाक्ष किया है। अखिलेश ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, 'यहां चुनाव में भाजपा भारतियों को बचाने की झूठी तारीफ़ कर रही है और वहां सच्चाई भयावह है।'

भारतीयों को बचाने की मोदी सरकार कर रही झूठी तारीफ
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो ट्वीट करते हुए अखिलेश ने बीजेपी सरकार तीखा कटाक्ष किया। अखिलेश यादव ने लिखा,
भूखे, प्यासे, ठंड में तड़पते भयभीत बच्चों का दर्द बच्चे वाले ही समझ सकते हैं। यूक्रेन में फंसे भारतियों को सुरक्षित निकालने के लिए भाजपा सरकार जिस तरह असंवेदनशील और निष्क्रिय है, वो निंदनीय है। यहां चुनाव में भाजपा भारतियों को बचाने की झूठी तारीफ़ कर रही है और वहां सच्चाई भयावह है।

आपदा में अवसर नहीं खोजने चाहिए: वरुण गांधी
इससे पहले पीलीभीत जिले से भाजपा सांसद वरुण गांधी ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों को वापस लाने के मुद्दे पर केंद्र की मोदी सरकार पर समय से सही फैसला न लेने का आरोप लगाया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा,
सही समय पर सही फैसले न लिए जाने के कारण 15 हजार से अधिक छात्र भारी अव्यवस्था के बीच अभी भी युद्धभूमि में फंसे हुए है। ठोस रणनीतिक और कूटनैतिक कार्यवाही कर इनकी सुरक्षित वापसी इन पर कोई उपकार नहीं बल्कि हमारा दायित्व है। हर आपदा में 'अवसर' नही खोजना चाहिए।
'भारत सरकार नहीं कर रही मदद'
दरअसल, वरुण गांधी और अखिलेश यादव ने यूक्रेम में फंसी एक छात्रा का वीडियो ट्वीट किया है। इस वीडियो में छात्रा भारत सरकार पर तमाम आरोप लगाती नजर आ रही है। वीडियो के मुताबिक, छात्रा कहती है कि संकट के समय दुनिया के तमाम देश यूक्रेन में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाल रही है लेकिन भारत सरकार अपने लोगों की कोई मदद नहीं कर रही है।

प्रियंका गांधी ने शेयर किया वीडियो, लिखी ये बात
इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री को ट्वीटर पर टैग करते हुए कहा, ''यूक्रेन से आ रहे भारतीय छात्र-छात्राओं के वीडियो मन को बहुत ही ज्यादा व्यथित करने वाले हैं। इन बच्चों को भारत वापस लाने के लिए जो कुछ भी बन पड़ता है, भगवान के लिए, वह करिए। पूरा देश इन छात्र-छात्राओं और इनके परिवारों के साथ है। आपसे आग्रह है कि कैसे भी, सरकार इनकी सकुशल वापसी करवाने का प्रयास करे।''












Click it and Unblock the Notifications