रिवाल्वर लेकर वीडियो बनाने वाली महिला सिपाही सोशल मीडिया पर बनी 'स्टार', दो दिन में दोगुने हुए फॉलोवर्स
रिवाल्वर लेकर वीडियो बनाने वाली महिला सिपाही के तेजी से बढ़े फॉलोवर्स, विभाग ने की कार्रवाई लेकिन सोशल मीडिया पर बनीं स्टार
आगरा, 27 अगस्त: उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में रिवाल्वर लेकर वीडियो बनाने वाली महिला पुलिसकर्मी प्रियंका मिश्रा पर विभाग ने कार्रवाई की है। आगरा के एसएसपी ने वर्दी में इस तरह वीडियो बनाकर शेयर करने को गलत मानते हुए उनको लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिसकर्मी पर विभाग ने भले कार्रवाई की है लेकिन इससे इंस्टाग्राम पर उनको फायदा ही मिला है। वीडियो को लेकर कार्रवाई के बाद इंस्टा पर उनकी लोकप्रियता बढ़ी है और उनके फॉलोवर्स दो-तीन दिन के भीतर ही दोगुने से ज्यादा हो गए हैं।

तेजी से बढ़े फॉलोवर्स
प्रियंका मिश्रा का वीडियो वायरल होने और इसके बाद उन पर कार्रवाई के बाद उनके इंस्टा अकाउंट पर फालोअर्स की संख्या तेजी बढ़ी है। 25 अगस्त तक प्रियंका के इंस्टाग्राम पर 3600 फालोअर्स थे। इस वीडियो के बाद बीते दो दिन में उनके फालोअर्स की संख्या दोगुनी हो गई है। शुक्रवार को प्रियंका के इंस्टा अकाउंट पर उनके फालोअर्स की संख्या 8 हजार को पार कर चुकी है। वहीं वीडियो पर लाइक और व्यूज भी तेजी से बढ़े हैं।

पहले भी शेयर किए थे कई वीडियो
प्रियंका का इंस्टा पर ये कोई पहला वीडियो नहीं है, ना ही वर्दी में उन्होंने पहील बार वीडियो शेयर किया है। प्रियंका के अकाउंट पर वर्दी में उनके कई वीडियो हैं। हालांकि ये पहली बार है, जब उनका वीडियो सीनियर अफसरों की निगाह में आया और उन पर कार्रवाई की गई है।

क्या था इस वीडियो में
आगरा में थाना एमएम गेट में तैनात प्रशिक्षु महिला सिपाही प्रियंका मिश्रा का करीब 21 सेंकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो यह थाना परिसर में ही बनाया गया है, जिसमें वो सरकारी रिवाल्वर लिए हुए हैं। इसमें म्यूजिक चल रहा है, जिसमें कहा जा रहा है, 'हरियाणा और पंजाब तो बेकार ही बदनाम हैं, आओ कभी उत्तर प्रदेश, रंगबाजी क्या होती है, हम तुम्हें बताते हैं, न गुंडई पर गाना बनाते हैं, न गाड़ी पर जाट गुज्जर लिखाते हैं.' इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामला एसएसपी मुनिराज तक पहुंचा और सीओ कोतवाली की जांच के बाद महिला सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया। मामले कीविभागीय जांच भी की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications