Lucknow विश्वविद्यालय के बाद अब SGPGI को आनंदीबेन ने दिया NAAC ग्रेडिंग को लेकर अहम टिप्स
लखनऊ, 04 अगस्त: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के दिशा निर्देशों या यूं कहें कि उनके टिप्स के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय को पिछले दिनों NAAC A++ रेटिंग मिली थी। इसके बाद से ही बड़ी कम्पनियों का तांता लगना शुरू हो गया है। कई नामी कम्पनियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से जॉब प्लेसमेंट के लिए संपर्क साधा है। लखनऊ यूनिवर्सिटी को मिली इस रैकिंग के बाद राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने लखनऊ के सबसे बड़े अस्पताल संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGGI) को भी नैक में बेहतर रैकिंग दिलाने के लिए यहां के अधिकारियों को कई सारे टिप्स दिए हैं।

दरअसल राज्यपाल आनंदबेन पटेल के प्रयास के बाद अब संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज भी नैक ग्रेडिंग के लिए आवेदन करेगा। पिछले दिनों राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने एक आधिकारिक बैठक में संस्थान की तैयारियों की प्रगति की समीक्षा की। एसजीपीजीआई में नैक परियोजना के नोडल अधिकारी प्रो हर्षवर्धन ने बताया कि संस्थान ने नैक स्थिति के लिए एक मजबूत प्रस्ताव पेश करने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की गई है।
डॉक्टरों की टीम करेगी नैक ग्रेडिंग में सुधार की कवायद
उन्होंने बताया कि कार्य की विस्तृत समीक्षा के बाद ग्रेडिंग के लिए विभिन्न मानकों को सात श्रेणियों में विभाजित किया गया है और इस पर काम करने के लिए टीमों का गठन किया गया है। राज्यपाल ने एसजीपीजीआई में डॉक्टरों की टीम को नैक ग्रेडिंग के लिए अपने स्कोर में सुधार करने के लिए पूर्व-कल्पित धारणाओं को दूर करने की सलाह दी। उन्होंने टीम एसजीपीजीआई से कहा, "एसजीपीजीआई में अपार संभावनाएं हैं और इसे शीर्ष स्थान पर नजर रखनी चाहिए और इस स्थिति को हासिल करने के लिए रणनीतिक तरीके से काम करना चाहिए।
पिछले सप्ताह लखनऊ विश्वविद्यालय को मिली थी बड़ी उपलब्धि
बताते चलें कि लखनऊ विश्वविद्यालय को एक सप्ताह पहले ही बड़ी उपलब्धि हासिल हुई थी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के निर्देशन में विश्वविद्यालय को NAAC A++ रेटिंग मिली थी। इसके साथ ही लखनऊ विश्वविद्यालय NAAC A++ रेटिंग प्राप्त करने वाला यूपी का पहला शैक्षणिक संस्थान बन गया है। इस उपलब्धि का लाभ अब यहां के छात्रों को मिलने की शुरूआत हो चुकी है।
नैक की बेहतर ग्रेडिंग का संस्थान को मिलेगा फायदा
दरअसल सूचना प्रौद्योगिकी (IT), बैंकिंग एवं वाणिज्य के क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों ने छात्रों के जॉब प्लेसमेंट के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय से संपर्क साधा है। इससे विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ ही वहां के छात्र भी इस बात को लेकर उत्साहित है उन्हें नौकरी के लिए अब दिल्ली, मुंबई और अन्य राज्यों में भटकना नहीं पड़ेगा। अब लखनऊ विश्वविद्यालय में ही उनके सपनों को लंबी उड़ान मिल सकेगी।












Click it and Unblock the Notifications