मथुरा: थाने में बंद हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, मुंशी को भी पीटा
मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र में स्थानीय लोगों की भीड़ ने थाना परिसर में घुस कर हंगामा किया। गुस्साई भीड़ ने थाने में बंद हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला भी कर दिया। आरोपी को बचाने के लिए आये थाने के मुंशी के साथ भी भीड़ ने मारपीट की। हंगामा कर रही भीड़ पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर थाने से खदेड़ दिया।

ये था मामला
11 अक्टूबर 2017 को थाने के ठीक सामने रहने वाले बच्चू सिंह के 17 वर्षीय पुत्र रौनक राजपूत का शव थाने से मात्र 500 मीटर दूर विलासगढ़ की पहाड़ी पर मिला था। इस हत्या के मामले में परिजनों का शक चौकी पर प्राइवेट कर्मचारी सोनू पर था। इस हत्याकांड के खुलासे को लेकर मृतक के परिजनों ने कई बार आंदोलन किये तथा हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया। करीब छह महीने बाद गुरुवार की रात को बरसाना पुलिस ने आरोपी सोनू को राजस्थान उसके घर से पूछताछ के लिए उठा लिया।

थाने पर किया पथराव
सोन को हिरासत में लेने की जानकारी मृतक युवक के परिजनों को मिली तो वो भीड़ के साथ थाने में जा घुसे। आरोपी सोनू पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी को बचाने के लिए आये थाने के मुंशी के साथ भी भीड़ ने मारपीट की। बता दें कि गुस्साई भीड़ ने थाने में तोड़फोड़ कर दी। थाने पर परिजनों का हंगमा होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए उन्हें वहां से खदेड़ दिया।

पुलिस ने सोनू को लिया हिरासत में
पुलिस की मानें तो आरोपी सोनू बोलने व चलने में असमर्थ है, फिर भी घटना के खुलासे के लिए उससे पूछताछ की जा रही है। लेकिन मृतक के परिजनों ने कानून हाथ मे लेकर थाने में तोड़फोड़ की तथा आरोपी सोनू पर जानलेवा हमला किया। पुलिस की मानें तो थाने पर बबाल करने वाले आरोपियों को चिन्हित करके उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications