बेटी की शादी के लिए दूल्हे के यहां जा रहे पिता-भाई हादसे का शिकार
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहांपुर में बस ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे में घायल हुआ शख्स अपनी बेटी के तिलक का समान चढ़ाने के लिए लेकर दूल्हे पक्ष के घर जा रहा था। लेकिन लड़के के घर पहुंचने की बजाए तीनों लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल तिलक समारोह को रोक दिया गया है।

थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के रहने वाले राम प्रसाद की बेटी की शादी निगोही के पलिया गांव में रहने वाले युवक से तय हुई थी। सोमवार को तिलक समारोह का कार्यक्रम होना था। रामप्रसाद उसका बेटा बंसल और गांव का रहने वाला उनका रिश्तेदार सुजीत बाइक से तिलक चढ़ाने के लिए दूल्हे के घर जा रहे थे। जैसे ही तीनों लोग बाइक से हथौड़ा चौराहे के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से रिश्तेदार सुजीत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि लड़की के पिता और उसके भाई को पीछे आ रही दूसरे वाहन ने कुचल दिया। जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पातल में भर्ती कराया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वही हादसे की खबर लगते ही तिलक समारोह को रोक दिया है।












Click it and Unblock the Notifications