आधार कार्ड ना होने पर गर्भवती को डॉक्टरों ने नहीं किया भर्ती, अस्पताल के गेट पर बच्चे का जन्म
जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले में डॉक्टरों की कारस्तानी ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक गर्भवती महिला की प्रसव पीड़ा की अनदेखी करते हुए आधार कार्ड और राशन कार्ड का प्रमाण ना ले आने पर उसे डॉक्टरों ने भर्ती करने से मना कर दिया।

गर्भवती महिला की हालत काफी बिगड़ गई थी। भर्ती न हो पाने की वजह से वह मायूस होकर अस्पताल से निकल गयी लेकिन समय पूरा होने के कारण उसने बच्चे को हॉस्पिटल के गेट पर ही जन्म दे दिया। इस बात की जानकारी जब अस्पताल प्रशासन को हुई तो उन्होंने आनन-फानन में नवजात और मां हो अस्पताल में जगह दे दी। जच्चा-बच्चा दोनों सकुशल है लेकिन इस तरीके की घटनाएं सरकारी अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा करते हैं।

ये है पूरा मामला
दरसअल पूरा मामला यूपी के जौनपुर जिले के शाहगंज का है जहां रायबरेली की रहने वाली चंदा स्टेशन के करीब झोपड़ी बना कर रहती है और कबाड़ बीनकर परिवार का भरण-पोषण करती है। वो प्रेग्नेंट थी और उसे अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। जानकारी के बाद चंदा का पति अजय उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गया तो सरकारी अस्पताल के कर्मचारी ने उनसे आधार कार्ड और राशन कार्ड के दस्तावेज की मांग की।

अजय ने बताया कि उनके पास कोई दस्तावेज नहीं है जिसके बाद कर्मचारी ने भर्ती ना करने की बात कह उसे बाहर जाने को कहा। चंदा और अजय जैसे ही अस्पताल के गेट पर पहुंचे चंदा ने बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद डॉक्टरों ने महिला और बच्चे दोनों को तुरंत भर्ती कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications