UP: ईसाइयों की प्रार्थना सभा में हंगामा, धर्म परिवर्तन की सूचना पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सामने आया है। यहां संग्रामगढ़ इलाके में बीती रात ईशू के दरबार में चंगाई के नाम पर धर्म परिवर्तन की शिकायत पर हिंदू संगठन के लोगों ने जमकर हंगामा काटा। इतना ही नहीं उन्होंने सभा में शामिल लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इस दौरान जमकर तोड़फोड़ भी हुई। हंगामा कर रहे लोगों का कहना था कि भूत-प्रेत और बीमारियों के इलाज के बहाने यहां धर्म परिवर्तन किया जा रहा था।

ईसाई मिशनरियों के लोग थे सभा में शामिल
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में राय काशीपुर गांव पड़ता है। यहां के रहने वाले सजन लाल सरोज के यहां ईसाई मिशनरियों का प्रत्येक सोमवार को दरबार लगता है। बताया जाता है कि इस कार्यक्रम में (चंगाई सभा में बीमार लोगों की बीमारियाँ दूर करने के लिए प्रार्थना आयोजित की जाती है। ईसाई धर्म के मानने वालों को इस पर विश्वास होता है) चंगाई की जाती है। यानी भूत-प्रेत की झाड़-फूंक और असाध्य रोगों का इलाज किया जाता है। हमेशा की तरह सोमवार की दोपहर सभा शुरू हुई और शाम को सैकड़ो लोग यहां एकत्र हो गए। इस कार्यक्रम में ईसाई मिशनरियों के लोग भी आए हुए थे। इसी बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि गांव में धर्म परिवर्तन किया जा रहा है और हिंदुओ का धर्म बदला जा रहा है।
लोगों को जमकर पीटा
धर्मांतरण की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचे गए और जयकारा लगाते हुए सभा पर टूट पड़े। अचानक हुए हमले से हड़कंप मच गया। महिलाएं बच्चे चीखने चिल्लाने लगे। वहा खड़ी कुछ बाइक और कुर्सिया भी आक्रोश की भेंट चढ़ गईं। टेंट उखाड़ दिया गया। घायल घनश्याम ने बताया किया हमलावरों ने महिलाओं तक को नही छोडा और उन्हे भी पीटा गया ।
अस्पताल भेजे गए घायल
घटना की सूचना मिलने के घटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो घायलों को इलाज के लिए संग्रामगढ़ सीएचसी भर्ती कराया गया। एसओ संग्रामगढ़ दीपक कुमार ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। कोई तहरीर नहीं मिली है, अगर तहरीर मिली तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications