'दबंग भाजपा नेता के गुंडई से बचाओ या इच्छामृत्यु दे दो'
कन्नौज। उत्तर प्रदेश में जबसे भाजपा सत्ता में आई है तबसे एक के बाद एक भाजपा नेता की दबंगई सामने आ रही है। ताजा मामला यूपी के कन्नौज का है जहां भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पर महिला और उसके परिवार को अपने गुर्गों से पिटवाने का आरोप लगा है।

इच्छामृत्यु की मांग
सदर कोतवाली के मोहल्ला देविनटोला सरायमीरा की रहने वाली निशा कटियार बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची जहां उन्होंने इच्छामृत्यु की गुहार लगाते हुए जिलाधिकारी से मिलने की बात की लेकिन उनकी बात सुनने वाला वहां एक भी अधिकारी मौजूद नहीं था और जो मौजूद भी थे उनके हाथ में कुछ नहीं था।

भाजपा नेता सौरभ कटियार पर आरोप
जिस समय कलेक्ट्रेट परिसर में महिला पहुंची वहां केवल सुरक्षाकर्मी ही मौजूद थे जिन्होंने जिलाधिकारी से मिलने के लिए जिलाधिकारी आवास जाने की बात कही। जिसके बाद यह पीड़ित परिवार जिलाधिकारी आवास पहुंचा वहां भी उनको लौटा दिया गया। जिलाधिकारी अपने आवास के बाहर भी नहीं निकले और सूचना भिजवा दी कि वह किसी और दिन आये। पीड़िता निशा ने भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सौरभ कटियार पर आरोप लगाया कि वह उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते है जिसको लेकर इनके कहने पर 13 अक्टूबर को 6-7 लोग दबंगई से घर में घुसकर उसके परिवार सहित उसको मारा-पीटा। महिला के पैर में गम्भीर चोटें भी आई हैं जिसकी डॉक्टरी जांच भी नहीं की गयी।

बेटी को भी नहीं बख्शा
पीड़ित महिला का कहना है कि यह लोग सत्तापक्ष की हनक दिखा रहे हैं जिससे उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पीड़िता कहा कि यदि अधिकारी उसकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं तो उसके पूरे परिवार को इच्छामृत्यु दे दी जाये। दबंगों ने पीड़िता की बेटी अनुष्का को भी नही बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की। किसी तरह से उसने भागकर अपनी जान बचाई पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।












Click it and Unblock the Notifications