आंखों के सामने घर में मां का कत्ल होते देखा , मासूम बेटी ने एसपी को बता दी सारी कहानी
हरदोई। यूपी में हरदोई के बिलग्राम कोतवाली इलाके में दहेजलोभियों ने एक महिला को बड़ी बेदर्दी से मौत के घाट उतार दिया। पहले उसको मारा-पीटा फिर जबरन जहर पिलाया और उसके बाद गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद शव फांसी के फंदे पर लटका दिया। हत्यारों की काली करतूत मृतका की बेटी ने बताई जिसका वीडियो वायरल होने पर एसपी ने मामले का संज्ञान लिया और बालिका को बुलवाया। मासूम ने एसपी को रोते हुए सारी बातें बताईं। एसपी ने मामले में कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

एसपी ने मामले पर लिया संज्ञान
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला मलकंठ में महिला का शव घर में फंदे पर लटकता मिला था। पुलिस ने मामले में एक तहरीर ली और मानसिक विक्षिप्त बताकर शव का पोस्टमॉर्टम करा दिया लेकिन मृतका की मासूम बेटी का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वह मां के साथ हुई वारदात की बात बता रही है। एसपी विपिन कुमार मिश्र ने वीडियो को देखकर संज्ञान लिया और मासूम को बुलवाया। मृतका की बेटी ने एसपी को मां की हत्या किस प्रकार की गई थी, उसकी पूरी कहानी बताई।

दहेज की वजह से हत्या के आरोप
एसपी ने बच्ची की बात सुनते हुए मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मलकंठ निवासी रियाज पुत्र लियाकत ने दिए शिकायती पत्र में कहा है कि उन्होंने अपनी बहन नूरी बानो की नौ वर्ष पूर्व इमरान से शादी की थी। उसके ससुरालीजन दहेज में बाइक, चैन और एक लाख रुपये की नकदी मांग रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी बहन के तीन बच्चे हैं। बहन की बेटी शवी ने मां की हत्या करते हुए पिता, बाबा और दादी को देखा था।

बेटी ने बताई, कैसे हुई हत्या
उनके साथ आई नूरी की बेटी शवी ने एसपी विपिन कुमार मिश्र को बताया कि तीन दिन पूर्व अम्मी से खटिया टूटी गई रहई, जहिके बाद अब्बू अम्मी का बहुत मारो अउर तीन दिनों तक खाना नाई दो। गुरुवार को अब्बू, बाबा और दादी ने पहले अम्मी को मारा और उसके बाद मच्छर मारने वाली दवा पिला दी। दवा पीने के बाद उनकी गला दबाकर हत्या करके लटका दिया। अम्मी को लटकाने के बाद सभी ने तीनों बच्चों को भी बांधकर मारा और कहा कि अगर किसी को बताया तो तुम लोगों को भी जान से मार देंगे। एसपी ने मासूम बच्ची की पूरी बात सुनने के बाद पुलिस को मामले की जांच कर आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications