Nominated MLC की 6 सीटों पर मंथन, जातीय समीकरण साधने में जुटी BJP को नए BOSS का इंतजार ?
लखनऊ, 05 अगस्त: उत्तर प्रदेश परिषद की रिक्त 6 सीटों के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाना है। सत्तारूढ़ भाजपा अपने उम्मीदवारों का चयन करते समय जाति संतुलन को ध्यान में रखकर मंथन करने में जुटी हुई है। दरअसल परिषद में छह सीटों पर मनोनयन होना है। ये सीटें पिछले दो महीने से खाली पड़ी हुई हैं। दरअसल जो सूची सरकार भेजेगी उसे राजभवन की तरफ से मंजूरी प्रदान कर दी जाती है। हालांकि यूपी में कुछ मौके ऐसे भी आए हैं जब राजभवन ने नॉमिनेटेड उम्मीदवार का मनोनयन करने से इंकार कर दिया था। हालांकि ऐसी परिस्थिति तब उत्पन्न हुई थी जब यूपी में समाजवादी पार्टी की सरकार थी और राज्यपाल राम नाइक थे।

जातिय गणित के हिसाब से तलाशे जा रहे नाम
भाजपा सूत्रों ने कहा कि पार्टी MLC की 6 सीटों को जातीय गणित के हिसाब से चुनेगी। ऐसे में विधान परिषद में जिस समुदाय की संख्या ज्यादा होगी उससे संगठन किनारा कर सकता है। यूपी में कुल मतदाताओं में 7% हिस्सेदारी के साथ क्षत्रिय समुदाय की है। यूपी विधान परिषद में 25% से अधिक सीटों पर इसी समाज के एमएलसी काबिज हैं। कुल मिलाकर देखा जाए तो इनके पास पहले से ही परिषद की 92 में से 24 सीटों पर कब्जा है। उच्च सदन में कुल 100 सदस्यों की संख्या है।

OBC, दलित और ब्राह्मण पर दांव लगा सकती है BJP
विधान परिषद के आंकड़े बताते हैं कि भाजपा के 73 सदस्यों में से 20 ठाकुर हैं। इस सूची में यूपी के दो मंत्री जेपीएस राठौर और दिनेश प्रताप सिंह शामिल हैं। इसके अलावा, तीन निर्दलीय विक्रांत सिंह, राज बहादुर सिंह और अन्नपूर्णा सिंह और रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के नेतृत्व वाली जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अक्षय प्रताप सिंह समुदाय से हैं। इसलिए, कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा नामित वर्ग में ओबीसी और दलितों को और जगह देने के अलावा ब्राह्मण और व्यापारी समुदायों के उम्मीदवारों पर दांव लगा सकती है।

संगठन को नए बॉस का है इंतजार
भाजपा सूत्रों ने कहा कि पार्टी के थिंक टैंक की राय है कि राज्य इकाई का नया अध्यक्ष मिलने के बाद छह उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा। योगी आदित्यनाथ कैबिनेट में कैबिनेट सीट मिलने के बाद, यूपी बीजेपी के प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह ने अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि नया अध्यक्ष पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा स्वीकार किया जाना बाकी है। वहीं दूसरी ओर यूपी बीजेपी महासचिव (संगठन) सुनील बंसल का कार्यक्षेत्र बदलने के बारे में भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

MLC की दो सीटों पर बीजेपी साध चुकी है समीकरण
दरअसल सत्ताधारी पार्टी राज्यपाल के परामर्श से इन सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों को नामित करती है। अपने जातीय समीकरण को सही करते हुए बीजेपी ने हाल ही में दलित निर्मला पासवान को, ठाकुर जयवीर सिंह की खाली सीट पर मैदान में उतारा है। सपा के वरिष्ठ नेता अहमद हसन के निधन के बाद खाली हुई सीट पर उसने ओबीसी धर्मेंद्र सिंह सैंथवार को भी मैदान में उतारा है। इन दोनों सीटों पर बीजेपी की जीत तय मानी जा रही है क्योंकि सपा की एक मात्र महिला उम्मीदवार का नामांकन कम उम्र की वजह से रद्द हो गया है।

2 महीने से खाली हैं मनोनीत एमएलसी की 6 सीटें
दरअसल विधान परिषद में छह मनोनीत सीटों में से तीन 28 अप्रैल को समाजवादी पार्टी से बलवंत सिंह, जाहिद हसन और मधुकर जेटली के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुई थीं। 25 मई को राजपाल कश्यप, अरविंद कुमार सिंह और संजय लाठर समेत सपा के तीन और सदस्यों ने अपना कार्यकाल पूरा किया था। इस वजह से कुल मिलाकर 6 सीटें खाली हैं जिनपर नए सदस्यों को मनोनीत होना है। यह सीटें 2 महीने से खाली हैं लिहाजा नए प्रदेश अध्यक्ष के इंतजार में ये सीटें अटकी हुई हैं।












Click it and Unblock the Notifications