यूपी: कार हादसे में गायब 5 व्यापारियों में से चार के शव बरामद, परिवार ने शव को रास्ते पर रख लगाया जाम
उन्नाव। यूपी के उन्नाव में हुए कार हादसे में 5 कार सवारों में से चार के शव नहर में तैरते मिले। जिनमें तीन विगत गुरुवार को और चौथा आज सुबह मिला। जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव मिलने के बाद मृतक परिजन प्रशासन की कार्रवाई पर उंगली उठा रहे हैं। उनका कहना है कि सभी कार सवारों की हत्या की गई है। जिसे दुर्घटना का रूप दिया गया है। उन्होंने रामलीला की जमीन भूमि विवाद से जुड़े लोगों पर अपना शक जाहिर किया है। मृतक परिजन मुख्यमंत्री के आने की मांग कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि जब तक मुख्यमंत्री नहीं आएंगे तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। मृतक के परिजनों ने शव को बांगरमऊ नानामऊ तिराहे पर रखकर मार्ग पूरी तरह जाम कर दिया है। जिससे बांगरमऊ की सभी मार्गों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो चुका है। हजारों की संख्या में लोग सड़क पर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे हैं।

नानामऊ तिराहे पूरी तरह जाम
नगर के पांच व्यापारियों के एक साथ गायब होने के बाद और शव को खोजने में लापरवाही को लेकर आक्रोशित परिजनों ने आज बांगरमऊ के नाना मऊ तिराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। भाजपा नेता नीरज गुप्ता ने कहा कि, सभी कार सवारों की पूर्व नियोजित रणनीति के तहत हत्या की गई है, जिसे दुर्घटना का रूप दिया गया है। इसी प्रकार का बयान पूर्व राज्यमंत्री अशोक कुमार सिंह बेदी ने भी दिया था। नीरज गुप्ता ने कहा कि प्रशासन पांच लोगों की मौत पर संजीदा नहीं है। उन्होंने प्रशासन से 10 सवाल पूछे जिसमें कार के सभी दरवाजे बंद होने के बाद कार सवार कैसे बाहर निकले, बरामद शव के शरीर पर चोट के निशान, मोबाइल पर लगातार घंटी जाना जैसे प्रश्न उठा रहे हैं।
विगत मंगलवार को हुई थी घटना
गौरतलब है विगत मंगलवार को रात करीब दस बजे बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के निवासी चौधरी संजय सिंह, सूरज गुप्ता, अजय गुप्ता एवं मिथुन पटवा व राम जी गुप्ता कार से रामलीला देखने संडीला जा रहे थे। रास्ते में गोसा कुतुब के निकट शारदा नहर पुल के पास गाड़ी संदिग्ध परिस्थितियों में शारदा नहर में जा गिरी। देर रात तक संजय आदि के घर न लौटने पर परिजनों ने मोबाइल फोन पर उनसे संपर्क करने का प्रयास किया। लेकिन किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया, तब परिजनों की चिंता और बढ़ गई। संजय के परिजन रात ही में संडीला निवासी अपने रिश्तेदार के घर गए। रिश्तेदार ने बताया कि संजय और उनके साथी यहां आए ही नहीं हैं। इसके बाद परिजनों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
शव ऊपर उतराने के बाद ही बरामद कर पाई पुलिस
इस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस सक्रिय हो गई और जीप लेकर संडीला मार्ग पर तफ्तीश के लिए निकल पड़ी। पुलिस को गोसवा पुल के निकट कार का बम्फर पड़ा मिला। जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ, मोटर बोट, फायर ब्रिगेड, गोताखोरों की मदद से शारदा नहर में कार और कार सवारों की खोजबीन शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नहर से कार बरामद की। गुरुवार को सूरज गुप्ता, रामजी गुप्ता, अजय गुप्ता का शव नहर में तैरता मिला। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि शुक्रवार को चौथा शव मिथुन पटवा का मिला। संजय चौधरी का अभी भी पता नहीं चल पाया है।












Click it and Unblock the Notifications