भाजपा सांसद की पत्नी बोलीं, 'पुलिस आजम की भैंस ढूंढ़ सकती है तो मेरा कुत्ता क्यों नहीं'
आगरा: कानून व्यवस्था को लेकर भले ही यूपी सरकार और सूबे की पुलिस सवालों के घेरे में हो, लेकिन कुछ मामले ऐसे हैं जहां पुलिस भी चक्कर में पड़ जाती है कि करें तो करें क्या? यूपी के कद्दावर मंत्री आजम खान की भैंसों को 5 दिन के भीतर खोज निकालने वाली पुलिस को अब पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया के कुत्ते को ढूंढ़ने का काम मिला है।

भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामशंकर कठेरिया का लेब्राडोर नस्ल का काले रंग का कुत्ता मंगलवार सुबह से गायब है। कुत्ते का नाम कल्लू है। काफी ढूंढ़ने पर भी जब कल्लू नहीं मिला तो शुक्रवार को कठेरिया की पत्नी मृदुला कठेरिया एसपी सिटी के ऑफिस पहुंची और कुत्ता गुम होने की तहरीर दी।
तीन दिन से गायब है भाजपा सांसद का कुत्ता
भाजपा सांसद की पत्नी ने बताया, 'मंगलवार सुबह करीब सवा 6 बजे हमारा कुत्ता कल्लू गुम हो गया। हमें मालूम नहीं कि किसी ने उसका अपहरण कर लिया है या वो कहीं चला गया है। हमारा पूरा परिवार पिछले तीन दिन से आस-पास के इलाकों में कल्लू को ढूंढ़ रहा है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।'
मृदुला ने कहा, 'इस घटना के बाद से हमारे दूसरे कुत्ते 'भूरे' ने खाना-पीना छोड़ दिया और वो काफी कमजोर हो गया है। अगर यूपी सरकार अपने मंत्री आजम खान की सात भैंसों को ढूंढ़ने के लिए उच्च स्तर के पुलिस अधिकारियों की टीम को लगा सकती है तो मुझे लगता है कि पुलिस मेरे कुत्ते का भी पता लगा सकती है।'
आजम की भैंसों पर खूब गर्माया था सियासी माहौल
एसपी सिटी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि वह मामले की जांच करेंगे और उसके बाद एफआईआर दर्ज करेंगे। पत्रकारों ने जब पूछा कि कुत्ते को ढूंढ़ने के लिए क्या कोई स्पेशल टीम लगाई जाएगी तो उन्होंने कहा कि ऐसी किसी टीम का ना कोई जरूरत है और ना वह बनाएंगे।
गौरतलब है कि कुछ साल पहले यूपी के मंत्री आजम खां की 7 भैंसे चोरी हो गईं थी। इसके बाद पुलिस ने पूरी ताकत लगाकर 5 दिनों के अंदर ही भैंसों को ढूंढ़ निकाला था। हालांकि इस मामले को लेकर यूपी का सियासी पारा काफी गर्म हुआ।












Click it and Unblock the Notifications