यूपी पंचायत चुनाव: उन्नाव में बवाल के बाद फायरिंग, प्रधान प्रत्याशी के पिता को लगी गोली
उन्नाव, अप्रैल 26: यूपी में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आज तीसरे चरण के लिए मतदान जारी हैं। राज्य के 20 जिलों में वोट डाले जा रहे हैं। इस बीच उन्नाव में बवाल की खबर सामने आई है। उन्नाव के चर्चित माखी थाना के जगदीशपुर गांव में प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद एक हिस्ट्रीशीटर ने अपने समर्थकों के साथ फायरिंग कर दी। एक प्रत्याशी के पिता को गोली लगी है। परिजन उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल ले गए हैं। इस मामले में एएसपी शशि शेखर ने बताया कि थाना माखी में बलबा और जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें प्रत्याशी गंगा प्रसाद के पुत्र हिस्ट्रीशीटर अंशू यादव उर्फ अनुराग यादव निवासी जगदीशपुर थाना माखी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घायल को अस्पताल में कराया गया भर्ती
जानकारी के मुताबिक, गांव में हिस्ट्रीशीटर के पिता गंगाप्रसाद यादव और जयदीप सिंह प्रधानी का चुनाव लड़ रहे हैं। सोमवार को मतदान शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोनों प्रत्याशी आमने सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि गंगाप्रसाद के पुत्र ने समर्थकों के साथ फायरिंग कर दी। प्रत्याशी जयदीप सिंह के पिता सुमंत सिंह को कमर के नीचे गोली लगी है। घायल सुमंत सिंह को कानपुर के हैलट अस्पताल कानपुर ले जाया गया है।
तीसरे चरण के लिए मतदान जारी
बता दें, उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायतों के प्रधानों, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव रहे हैं। पंचायत चुनाव में आज तीसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गए हैं। राज्य के 20 जिलों में आज वोट डाले जा रहे हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। प्रदेश में कुल चार चरण में पंचायत के चुनाव होने हैं। दो चरण संपन्न हो चुके हैं, तीसरे चरण के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। आखिरी चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा। सभी 75 जिलों में वोटों की गिनती 2 मई को होगी। आज शामली, मेरठ, मुरादाबाद, पीलीभीत, कासगंज, फिरोजाबाद, औरैया, कानपुर देहात, हमीरपुर, फतेहपुर, उन्नाव, अमेठी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, देवरिया, चंदौली, मिर्जापुर और बलिया में मतदान हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications