UP: नाइट कर्फ्यू के बीच सजी महफिल में रातभर हुई डांस पार्टी, VIDEO आया सामने
उन्नाव, जून 03: उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना के 600 से कम एक्टिव केसों वाले जिलों में ढील दी है। हालांकि, नाइट कर्फ्यू अभी भी जारी है। लेकिन इस ढील का लोग गलत फायदा उठा रहे हैं। हैरान करने वाली तस्वीरें उन्नाव से सामने आई हैं, जहां बुधवार की रात कोरोना नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। रातभर डीजे पर डांस हुआ। इस दौरान सैकड़ों की भीड़ मौजूद रही। वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

डांस पार्टी के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन
उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र के मैकुआ खेड़ा गांव में रात भर जमकर डांस पार्टी हुई। इस डांस पार्टी में सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हुई। जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और डीजे को बंद कराया। बीघापुर के सीओ ने बताया कि उन्नाव के एक गांव में लोगों ने डांस पार्टी के दौरान कोविड नियमों का उल्लंघन किया। उन्होंने बताया कि 35-40 लोग डीजे पर कलाकारों का डांस देख रहे थे। 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। 2 डीजे मशीनों को जब्त किया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
लोग बरत रहे लापरवाही, पड़ सकता है भारी
बता दें, यूपी में सरकार ने आंशिक लॉकडाउन लगाकर कोरोना की चेन को तोड़ा है। प्रदेश में अब कोरोना वायरस का संक्रमण नियंत्रण में आ गया है। ऐसे में सरकार ने उन जिलों में आंशिक लॉकडाउन में ढील दी है, जहां एक्टिव केसों की संख्या 600 से कम है। हालांकि, नाइट कर्फ्यू और साप्ताहिक बंदी अभी भी रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त लफ्जों में कह चुके हैं कि कर्फ्यू में ढील का मतलब लापरवाही कतई नहीं है। इसके बावजूद लोग लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। बाजार में भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। ग्रामीण इलाकों में लोग डीजे पार्टी करने में भी नहीं डर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications