पूर्व प्रधान ने रेप का केस वापस लेने से किया मना तो दबंगों ने कुल्हाड़ी से मार डाला, पत्नी भी घायल
उन्नाव। यूपी में उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के गांव छाछीराई खेड़ा में एक पूर्व प्रधान की दबंगों ने हत्या कर दी। पूर्व प्रधान ने अपनी पत्नी से हुए दुष्कर्म के केस को वापस लेने से इंकार किया था। जिस पर कुछ लोगों ने पूर्व प्रधान को कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला। साथ ही दुष्कर्म पीड़िता उसकी पत्नी को भी मरणासन्न कर दिया। घटना के समय पूर्व प्रधान अपनी पत्नी के साथ विकास खंड कार्यालय जा रहा था। तभी उसे निशाना बनाया गया।

संवाददाता के अनुसार, सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने दोनों पति-पत्नी को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में पूर्व प्रधान की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पत्नी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक व उपजिलाधिकारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक पुत्री की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
पूर्व प्रधान की पत्नी से बलात्कार के जुर्म में हुई थी एक को जेल
जानकारी के अनुसार, गांव छाछीराई खेड़ा निवासी पूर्व प्रधान अपनी पत्नी के साथ सुमेरपुर विकास खंड कार्यालय जा रहा था। रास्ते में महेंद्र सिंह व नागेंद्र सिंह ने रोककर पूर्व प्रधान से पत्नी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले को वापस लेने को कहा। 2017 में पूर्व प्रधान के पत्नी के साथ हुई दुष्कर्म की घटना में महेंद्र व नागेंद्र सिंह का भाई जेल में बंद है। पूर्व प्रधान ने मुकदमा वापस लेने से इंकार कर दिया। इस पर आक्रोशित महेंद्र व नागेंद्र ने पूर्व प्रधान व उसकी पत्नी पर हमला बोल दियाकुल्हाड़ी से हमला होते ही प्रधान मौके पर गिर गया, जबकि पत्नी भी घायल हो गई। आसपास खेत में काम कर रहे लोगों के दौड़ने से हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय थाना बिहार पुलिस घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में पूर्व प्रधान की मौत हो गई। दुष्कर्म पीड़िता पत्नी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
उच्चाधिकारियों ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलने के बाद उपजिलाधिकारी व अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पांडे घटनास्थल पर पहुंच गए। इस बीच बड़ी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद थी। अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पांडे ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही स्थानीय पुलिस को आरोपियों को पकड़ने के निर्देश दिए। मृतक पूर्व प्रधान की पुत्री की तहरीर पर बिहार थाना पुलिस ने महेंद्र सिंह व नागेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications