यूपी में प्रेमी युगल पर कहर, उन्नाव में गला रेता तो हमीरपुर में करंट लगाकर फेंका
हमीरपुर/उन्नाव। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में प्रेमी जोड़े को अगवा करने और करंट लगाने का मामला सामने आया है। दोनों के बेहोश होने पर उन्हें मरा समझकर आरोपी वहीं फेंककर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पातल में भर्ती कराया है। वहीं, उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में प्रेमी जोड़े का गला चाकू से रेत दिया गया।

मामला हमीरपुर जिले के चिकासी थाना क्षेत्र के अतरा बरौली गांव का है। यहां दीपक (23) महोबा जिले के एक गांव में अपनी बुआ के घर में रहता है। गांव की रहने 20 वर्षीय युवती से पिछले तीन साल से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दूसरी जगह शादी तय होने के बाद युवती 29 जनवरी को अपने प्रेमी दीपक के पास आ गई थी। युवती के परिवारवालों को इसका पता चला तो वो दीपक के घर आ धमके और 30 जनवरी की रात दोनों को अपहृत कर महोबा ले गए।
युवक-युवती के पैरों में करंट के जख्म
एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि मझलवारा और सूपा गांव के बीच एक ट्यूबवेल में प्रेमी जोड़े को करंट लगाने का मामला संज्ञान में आया है। आरोपी दोनों के बेहोश होने पर उन्हें मरा समझकर वहीं फेंककर भाग गए। कहा कि युवक और युवती के पैरों में करंट लगने के जख्म हैं, दोनों को इलाज के लिए जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
उन्नाव में प्रेमी जोड़े का रेता गला
वहीं, दूसरा मामला उन्नाव जिले के अचलगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां प्रेमी युगल का गला चाकू से रेत दिया गया। शरीर में अन्य जगहों पर चाकू से कई वार किए गए। प्रेमिका अपने घर के कमरे में जबकि प्रेमी उसके घर से 500 मीटर दूर खेत में मंगलवार सुबह लहूलुहान हालत में पड़ा मिला है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती को कानपुर के हैलट अस्पताल व प्रेमी को सीएचसी अचलगंज से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। एसपी ने डॉग स्क्वायड टीम के साथ जांच की। जांच के दैरान जिस जगह प्रेमी युवक खून से लथपथ हालत में मिला उससे कुछ दूरी पर उसकी बाइक, खून से सना कंबल व चाकू पुलिस ने बरामद किया है।












Click it and Unblock the Notifications