PUBG की लगी लत तो खुद के किडनैप की रची कहानी, अब इस हाल में मिला युवक
उज्जैन, 15 अक्टूबर : मध्य प्रदेश के उज्जैन से हैरान कर देने वाला मामला निकल कर सामने आया है जहां पब्जी की लत के चलते कर्ज में डूबे युवक ने खुद के अपहरण की कहानी रच डाली, इतना ही नहीं युवक ने परिजनों से फिरोती के 50 हजार रुपए खुद के बैंक अकाउंट में डलवाए, और फिर तराना के पास हाथ, पैर बंधे हुए अर्धनग्न हालत में मिला। युवक से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पूरी वारदात का पर्दाफाश किया है।

कुछ ऐसा है पूरा मामला
दरअसल, माधवनगर थाना अंतर्गत कंचनपूरा में रहने वाले एक युवक का अपहरण हुआ था। परिजनों के मोबाइल पर वाट्सएप काल और मैसेज के माध्यम से 50 हजार रुपए फिरौती के तौर पर मांगे गए थे। परिजनों ने दिए गए अकाउंट नंबर पर 3 बार में 50 हजार की राशि भी डाल दी थी। इसके बाद रात करीब 2 बजे तराना के पास सुमराखेड़ा रेलवे स्टेशन से आगे हाथ पैर बंधे हुए हालत में युवक मिला। युवक अर्ध नग्न स्थिति में था। उसने स्टेशन पहुंचकर घर फोन लगाया, तब पुलिस मौके पर पहुंची और उसे थाने ले आई। पूछताछ के बाद पुलिस ने अहम खुलासा किया है।

ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया की, माधवनगर थाना अंतर्गत कचंनपुरा क्षेत्र में रहकर आर्मी की तैयारी कर रहे छात्र के परिजनों के मोबाईल पर मेसेज आया की युवक का अपहरण कर लिया है। 50 हजार रुपए युवक के खाते में डालों नहीं तो मार देंगे। मैसेज मिलते ही परिवार वालों ने तीन बार में 50 हजार रुपए डाल दिए थे, जब युवक मिला तो पुलिस ने पूछताछ की जिसमें कई अहम खुलासे हुए। बताया जा रहा है की, युवक पबजी गेम खेलने का आदि था, जिसकी वजह उसको कर्ज हो गया। इसलिए उसने परिजनों से रुपए लेने के लिए अपहरण की साजिश रची।

लगातार सामने आ रहे हैं मामले
पिछले कुछ दिनों से लगातार इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं, जहां ऑनलाइन गेम के चलते कर्ज में डूबने के कारण युवा अलग-अलग तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इससे पहले भी प्रदेश में युवा इसी तरह की कहानी रच कर परिजनों के साथ ही धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं, तो वहीं अब एक बार फिर इस तरह की वारदात सामने आने के बाद ऑनलाइन गेम की लत पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनसे युवाओं को दूर रखने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications