उज्जैन: रात की रोशनी कुछ ऐसा चमका महाकाल कॉरिडोर, जिसने देखा वो देखता ही रह गया
उज्जैन, 6 सितंबर : प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित बाबा महाकाल मंदिर परिसर में महाकाल कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है, जहां अब जैसे-जैसे महाकाल कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा होते चले जा रहा है, वैसे-वैसे महाकाल कॉरिडोर की खूबसूरती भी निखरती चली जा रही है। वहीं इन दिनों सोशल मीडिया पर कुछ फोटो महाकाल कॉरिडोर के जमकर वायरल हो रहे हैं, जिनमें रात की रोशनी में महाकाल कॉरिडोर बेहद खूबसूरत नजर आ रहा है, जहां महाकाल कॉरिडोर की ये खूबसूरती भक्तों को काफी आकर्षित कर रही है।

देश का पहला सबसे बड़ा धार्मिक परिसर
प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र में बना 900 मीटर लंबा नया कॉरिडोर भव्यता के साथ आस्था और ज्ञान का अनूठा संगम बन रहा है। यह देश का पहला सबसे बड़ा धार्मिक परिसर होगा जो पौराणिक सरोवर रूद्र सागर के किनारे विकसित हो रहा है। शिव, शक्ति और अन्य धार्मिक मान्यताओं से जुड़ी करीब 200 मूर्तियां, म्यूरल्स के माध्यम से इसे सजाया गया है। श्रद्धालु शिव जी की अनसुनी कथाएं इनसे जानेंगे।

श्रद्धालुओं को आस्था के साथ मिलेगा ज्ञान
सप्त ऋषि, नवग्रह मंडल, त्रिपुरासुर वध, कमल ताल में विराजित शिव,108 स्तंभों में शिव के आनंद तांडव का अंकन, शिव स्तंभ, भव्य प्रवेश द्वार पर विराजित नंदी की विशाल प्रतिमाएं आकर्षित करेगी। रुद्रसागर में स्वच्छ जल इसके किनारे लेक फ्रंट कॉरिडोर में लाइट एंड साउंड, लेजर शो इसकी भव्यता के उदाहरण है। यहां देश का पहला नाइट गार्डन बनाया है। थीम यह है कि, यहां श्रद्धालुओं को आस्था के साथ ज्ञान भी मिले। नवंबर में पीएम नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा इस कॉरिडोर की शुभारंभ करने की संभावना है।

15 सितंबर तक फेज 1 पूरा होने की संभावना
धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर परिसर विस्तार योजना मृदा फेज-1 के सभी कार्य 15 सितम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश कलेक्टर आशीष सिंह ने अधिकारियों को पहले ही दे दिए हैं। साथ ही मन्दिर परिसर के नवनिर्मित कॉरिडोर, फेसिलिटी सेन्टर-1 एवं 2 और मन्दिर के आन्तरिक भाग में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबन्द करने के लिये स्मार्ट सिटी को सीसीटीवी कैमरे लगाते हुए एडवांस सिक्योरिटी फीचर्स सम्पूर्ण योजना में शामिल करने के लिये कहा है।












Click it and Unblock the Notifications