Mahakal के हाईटेक अन्नक्षेत्र में खाना बनाने से लेकर बर्तन धोने तक की मशीन, CNG गैस पर पकेगा भोजन
उज्जैन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सपत्निक श्री महाकाल मन्दिर अन्नक्षेत्र चमेलीदेवी अग्रवाल भवन, शक्तिपथ, महाकाल तपोवन तथा महाराजवाड़ा हेरिटेज अनुभूति वन, चिन्तन वन, पुष्करजी, मुख्य सवारी मार्ग के विकास कार्यों का गुरूवार 5 अक्टूबर की शाम को विधिवत लोकार्पण किया।
सर्वप्रथम 51 हजार वर्गफीट से अधिक जगह में निर्मित बहुमंजिला भव्य अन्नक्षेत्र का फीता काटकर पूजन-अर्चन कर लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र चमेलीदेवी अग्रवाल भवन में उपस्थित देशभर से आये सन्तगणों का पुष्पवर्षा कर अभिनन्दन, स्वागत किया।

हाईटेक अन्नक्षेत्र की सौगात दी है
मुख्यमंत्री ने अन्नक्षेत्र भवन का अवलोकन कर मां अन्नपूर्णा रसोई, सर्विस कॉरिडोर, प्रसाद कक्ष, भोजन प्रसादी की अत्याधुनिक मशीनों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सन्तगणों को भोजन प्रसादी अपने हाथों से परोसकर भोजन करवाया। लोकार्पण के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने सपत्निक हैदराबाद की 20 लोगों की टीम के द्वारा पेरणी शिवताण्डव नृत्य की प्रस्तुति को निहारा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउण्डेशन द्वारा निर्मित भव्य श्री महाकालेश्वर अन्नक्षेत्र चमेलीदेवी अग्रवाल भवन की प्रशंसा की है। अन्नक्षेत्र भवन को 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित किया गया है। भवन निर्माण के लिये इन्दौर निवासी बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउण्डेशन ने 25 करोड़ रुपये लगाये हैं। श्री महाकालेश्वर मन्दिर प्रबंध समिति के सदस्य एवं मन्दिर के पुजारी प्रदीप गुरु की प्रेरणा से भवन का निर्माण करवाया गया है।
कुछ ऐसी है खासियत
इसी तरह अन्नक्षेत्र में गुड़गांव निवासी प्रवीण अरोड़ा ने भोजन प्रसादी के लिये हाईटेक बर्तन एवं मशीनें पांच करोड़ रुपये दान देकर लगवाई है। उज्जैन का यह अन्नक्षेत्र नई तकनीक और सुविधाओं के मामले में सबसे उन्नत है। देश के अन्य शहरों से अलग-अलग मशीनें मंगवाई गई। ये मशीनें सब्जी, रोटी, दाल बनायेगी, आटा भी गूंथेगी और मसाले मिलाने, तड़का लगाने का काम भी बखूबी करेगी। ऑटोमैटिक भट्टियां रोटी सेकेगी और भोजन के बाद झूठे बर्तनों का धोने का काम भी मशीनें ही करेंगी। खास बात यह है कि यहां सीएनजी एवं इलेक्ट्रिक का उपयोग भोजन बनाने में किया जायेगा, यानी पर्यावरण को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा। भवन में रसोई में एक बार में एक लाख लोगों का भोजन तैयार करने की क्षमता है। इसमें एक बार में हजारों भक्त भोजन प्रसादी ग्रहण कर सकेंगे।
ये भी पढ़े- CM Shivraj ने किया Mahakal Lok के दूसरे चरण का लोकार्पण, क्या कुछ मिली सौगात, जानिए?












Click it and Unblock the Notifications