आज से महाकाल की भस्म-आरती में शामिल हो रहे भक्त, दिन में हजार लोगों को अनुमति, देखें तस्वीरें
उज्जैन। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती लगभग 17 महीने बाद फिर शुरू हो गई है। आज इसका पहला दिन है और पिछले कई दिनों से इसके लिए श्रद्धालुओं की बुकिंग हो रही थीं। ये बुकिंग 30 सितंबर तक के लिए खोली गईं, जिसमें से 12 सितंबर के लिए 300 से अधिक बुकिंग ऑनलाइन हो चुकी हैं। मंदिर प्रबंधन की ओर से बताया गया कि, आज महाकाल की भस्मारती में देशभर से 696 भक्त शामिल हुए। अरसे बाद मंदिर श्रद्धालुओं के जयकारे से गूंजा।

आज से महाकाल की भस्मआरती में श्रद्धालुओं का प्रवेश
महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की बृहसप्ति भवन में शुक्रवार को आयोजित बैठक में भस्म आरती के लिए प्रवेश को अनुमति दी गई थी। पदाधिकारियों की ओर से बताया गया था कि, महाकाल मंदिर की वेबसाइट व एप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग शुरू की गई हैं। इसके लिए 7 सितंबर का दिन तय किया गया, जबकि भस्म आरती में भक्तों को 11 सितंबर से प्रवेश दिया जाना तय किया गया। बहरहाल, 17 महीने बाद भक्त भस्मारती में शामिल हुए हैं।

17 मार्च 2020 से बंद थी भस्मारती
महाकाल की भस्मारती कोरोना महामारी को देखते हुए बंद की गई थी। मंदिर प्रबंध समिति ने 17 मार्च 2020 से भस्मारती पर रोक के साथ ही श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश को रोक दिया। काफी भक्त इससे निराश भी हुए। हालांकि, पिछले डेढ़ महीने से कोरोना संक्रमण काबू में होने पर महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने फैसला लिया कि, भस्म आरती में भक्तों को 11 सितंबर से प्रवेश दिया जाएगा। इसी को लेकर, मंदिर प्रबंध समिति की बैठक कोठी रोड स्थित बृहस्पति भवन में आयोजित की गई थी।

ऑनलाइन बुकिंग पर लगेंगे 200 रुपए
मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारी ने बताया कि, भक्तों को दर्शन के लिए ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों तरह से बुकिंग की सुविधा है। ऑनलाइन बुकिंग पर 200 रुपए लगेंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन 7 सितंबर से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि, भस्म आरती में एक दिन में एक हजार श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications