साथी कांस्टेबलों ने कमरे में घुसकर हेड कांस्टेबल को बिना कपड़ों के नचवाया, 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
उदयपुर, 5 नवंबर। राजस्थान के उदयपुर में खाकी को शर्मसार कर देने का मामला सामने आया है। यहां पर एक हेड कांस्टेबल ने पांच साथी पुलिसकर्मियों पर कमरे में जबरन घुसकर डराने-धमकाने और नग्न करके नचवाने का आरोप लगाया है।

हेड कांस्टेबल की ओर से लिखित शिकायत मिलने पर उच्चाधिकारियों ने पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पांच को उदयपुर के प्रताप नगर पुलिस थाने से हटाकर पुलिस लाइन में लगाया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
हेड कांस्टेबल की ओर से की गई शिकायत में उसने बताया कि तीन नवंबर को वह अपने कमरे पर सो रहा था। देर रात उसके कमरे में थाने के ही आरक्षक हरिकिशन, नंदकिशोर, कैलाश विश्नोई, हेड कॉन्स्टेबल जगदीश, आरक्षक अचलाराम आए और उन्होंने उसे डरा-धमका कर उसके कपड़े उतार दिए। इसके बाद उसे नचवाया।

सिटी एएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने सभी को लाइन अटैच करने के आदेश जारी किए है। हेड कॉन्स्टेबल के आरोपों पर पुलिसकर्मियों का कहना है कि उन्होंने मारपीट नहीं की। हेड कॉन्स्टेबल व्यक्तिगत द्वेषता निकालने के लिए झूठे आरोप लगा रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पीड़ित हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल अचलाराम के बीच कुछ दिन पहले मामूली विवाद हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications