YouTube से लॉक तोड़ना सीखकर एक साल में चुराई 27 बाइक, BEd स्टूडेंट भी लगा बाइक चुराने में
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर जिले की गोवर्द्धनविलास थाना पुलिस ने शातिर वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह के 4 सदस्यों को पकड़ा भी है। पुलिस पूछताछ में चारों आरोपियों ने उदयपुर संभाग से सालभर में 27 मोटरसाइकिलें चुराना स्वीकार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर अब तक दस बाइक बरामद की है। आरोपियों से अभी कई वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है।

उदयपुर एसपी कैलाशचन्द्र विश्नोई ने बताया कि सीआई चेनाराम पचार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक बाइक बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी बरलाल, दिवेर, राजसमंद निवासी विक्रम सिंह उर्फ विक्की पुत्र हेमसिंह रावत व कोटड़ा निवासी राकेश को पकड़ा। पुलिस को आरोपियों के पास से चोरी की बाइक मिली है।
पूछताछ में आरोपियों ने बगड़ी कलाली पाली निवासी अजमल सिंह व जवाजा अजमेर निवासी विक्रम सिंह साथ मिलकर सालभर से उदयपुर, राजसमंद व चित्तौड़गढ़ से 27 दुपहिया वाहन चुराना स्वीकार किया। पुलिस पूछताछ के बाद आरोपियों के सुखेर क्षेत्र स्थित किराए के कमरे से बाइक बरामद की। ये 27 बाइक आरोपियों ने गोवर्द्धनविलास, हिरणमगरी से दो, सुखेर से सात, प्रतापनगर से पांच, आयड़ से दो, उदयपुर, पायड़ा से दो व राजसमंद से पांच और चित्तौड़गढ़ से एक बाइक चुराई है।
उदयपुर एसपी कैलाशचन्द्र विश्नोई ने बताया कि आरोपी विक्रम व राकेश शातिर वाहन चोरी हैं। विक्रम ने सालभर यू टयूब पर वीडियो देखकर बाइक चुराने का तरीका सीखा था। वह अपने पास तीन प्रकार की कैंची रखता था, जिससे वह बाइक का लॉक आसानी से तोड़ लेता था। वहीं दूसरा आरोपी राकेश बीएड स्टूडेंट है।












Click it and Unblock the Notifications