बुंदेलखंड में टमाटर से भरी गाड़ी लूट ले गए बदमाश, टीकमगढ़ से कानपुर जा रहा था
टमाटर की कीमत आसमान क्या चढ़ी, इसकी लूटपाट होने लगी। लूट का कारण भी बनने लगा। दरअसल बुंदेलखंड में लाखों के टमाटर की लूट का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। टीकमगढ़ जिले के बल्देवगढ़ में एक लोडिंग वाहन को इसलिए लूट लिया गया, क्योंकि उसमें 110 कैरेट टमाटर भरे हुए थे।

पुलिस से मिली जानकारी अनुसार टीकमगढ़ से कानपुर जा रहे टमाटर से भरे लोडिंग वाहन को बल्देवगढ़ क्षेत्र की मजना चौकी में आने वाले गांव रौरई में अज्ञात बदमाश लूटकर भाग गए। ड्राइवर के साथ मारपीट भी की गई है। मामले में पुलिस में ड्राइवर ने शिकायत की है।
पुलिस थाने में आए शिकायती आवेदन के अनुसार हमीरपुर यूपी में जलालपुर का रहने वाला सिकंदर अहमद कानपुर से लोडिंग वाहन नंबर यूपी 91 टीबी 8945 से टमाटर लेने के लिए टीकमगढ़ आया था। टीकमगढ़ में नूरी एंड कंपनी से लोडिंग वाहन में टमाटर की 110 कैरेट रखवाई थीं। रात के करीब 12 बजे वह कानपुर के लिए रवाना हुआ।
बल्देवगढ़ के रौरई गांव के पास चार अज्ञात व्यक्तियों ने गाड़ी को जबरन रुकवाया और गाड़ी के अंदर घुस आए। वाहन चालक सिकंदर के अनुसार पहले उसके साथ मारपीट की गई, फिर टमाटर से भरी गाड़ी लेकर चारों भाग गए। उसने पास में ही स्थित एक घर से मदद मांगी। वहां पर उनके मोबाइल से 100 नंबर पर फोन लगाया। जिस पर पुलिस एफआरवी मौके पर पहुंची थी।












Click it and Unblock the Notifications