95 साल की मरियम्मा को परिवार के सदस्यों ने दी मुस्कुराते हुए विदाई, सोशल मीडिया पर भड़के लोग
कोच्चि, 24 अगस्त। सोशल मीडिया पर एक तस्वीर काफी तेजी से वायरल हो रही है, जिसमे देखा जा सकता है कि पार्थिव शरीर के पास परिवार के तमाम सदस्य बैठे हैं और मुस्कुरा रहे हैं। यह तस्वीर केरल के मलपल्ली स्थित पथानमथिट्टा की है। जोकि सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में देखा जा सकता है कि शीशे के कॉफिन में पार्थिव शरीर रखा है, जिसके आगे परिवार के करीबी सदस्य बैठे हैं और उनके चेहरे पर मुस्कान है। तस्वीर में मरियम्मा का शव है, जिनका 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। मरियम्मा का 17 अगस्त को निधन हो गया था।

परिवार ने दी सफाई
हालांकि कई लोगों ने इस तस्वीर की आलोचना की है और लोग परिवार के सदस्यों के मुस्कुराने की निंदा कर रहे हैं। परिवार पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि वह अशिष्टता को बढ़ावा दे रहे हैं। लोग उनसे पूछ रहे हैं कि आखिर वो कैसे किसी के निधन पर मुस्कुरा सकते हैं। इन आलोचनाओं पर परिवार के सदस्यों ने आगे आकर इसपर सफाई दी है और बताया है कि आखिर वह पार्थिव शरीर के सामने मुस्कुरा क्यों रहे हैं।

यह खुशमय विदाई है
परिवार के सदस्यों ने मीडिया को बताया कि मरियम्मा ने अपनी जीवन खुशी से बिताया और 95 वर्षों तक उन्होंने जीवन को बेहद खुशी के साथ जिया। उन्होंने पूरे जीवन लोगों को खुशियां दी, लोगों को ढेर सारा प्यार दिया। यही वजह है कि परिवार के सदस्यों ने उन्हें खुशमय विदाई दी है। मरियम्मा के 9 बच्चे थे, वो सभी अपने परिवार के सदस्यों के साथ रह रहे हैं। इन सभी लोगों ने मरियम्मा का खयाल रखा।

परिवार सहेजकर रखना चाहता था तस्वीर को
मरियम्मा का 17 अगस्त को निधन हो गया था, वह पिछले एक साल से बिस्तर पर थीं, जो तस्वीर वायरल हो रही है वह 19 अगस्त का है। मरियम्मा के रिश्तेदारों ने कहा कि मां की मृत्यु के बाद हम चाहते थे कि हम मां की अच्छी यादों को सहेजकर रखें। पार्थिव शरीर के पास मुस्कुराने की तस्वीर जानबूझकर क्लिक कराई गई है, अंतिम संस्कार से कुछ समय पहले ही यह तस्वीर क्लिक कराई गई है। पूरा परिवार पार्थिव शरीर के समीप बैठा, 24 घंटे की प्रार्थना के बाद यह तस्वीर क्लिक की गई। परिवार का कहना है जिन लोगों को किसी के निधन पर रोने की परंपरा पर भरोसा है, वह इस तस्वीर को स्वीकार नहीं कर सकते।
शिक्षा मंत्री ने भी किया समर्थन
मरियम्मा के रिश्तेदारों का कहना है कि यह तस्वीर परिवार के करीबी रिश्तेदारों के लिए क्लिक कराई गई थी, लेकिन यह लीक हो गई। हमे अपने फैसले पर कोई अफसोस नहीं है, हम अपनी मरियम्मा को विदाई दे रहे हैं, जोकि स्वर्ग में जा रही हैं। बता दें कि मरियम्मा ईसाई धर्म को मानने वाली थीं। वहीं केरल के शिक्षा मंत्री वी सिवनकुट्टी ने फेसबुक पर इस तस्वीर को शेयर किया है और लोगों से कहा है कि वह इस तस्वीर पर नकारात्मक कमेंट ना करें। उन्होंने कहा कि मृत्यु दुखदायक होती है, लेकिन यह विदाई भी होती है। इससे अच्छा और क्या हो सकता है किसी को हंसते हुए विदाई दी जाए, जो अपनी पूरी जिंदगी हंसते हुए जिए। इस तस्वीर को नकारात्मक प्रतिक्रिया की जरूरत नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications