बच्चे को पॉलिथीन में रखकर फेंक आई, सीसीटीवी के जरिए ऐसे पकड़ में आई 17 साल की मां
सूरत. गुजरात में सूरत के कापोद्रा में एक नाबालिग लड़की को बच्चा हो गया। बच्चे को पालने के बजाए उसने उसे एक प्लास्टिक बैग में डाला और कूड़े में फेंक दिया। यह घटना रास्ते में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उधर, कुछ घंटे बाद उधर से गुजरते व्यापारी को वह प्लास्टिक का बैग दिखा जो कि हिल रहा था। व्यापारी ने पास जाकर बैग खोला तो दंग रह गया। बैग में एक बच्चा था, जो कि रो रहा था।

गुजरात में 17 साल की लड़की मां बनीं
व्यापारी ने बिना देर किए पुलिस को फोन किया। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी। एक सीसीटीवी में पुलिस ने देखा कि कोई किशोरी एक प्लास्टिक बैग लेकर गुजरी। लेकिन जब कुछ देर बाद वह वापस लौटी तो उसके हाथ में वह प्लास्टिक बैग नहीं था। जिसके बाद पुलिस ने घर जाकर उसी किशोरी को हिरासत में ले लिया।

कुंवारी थी और नाबालिग भी, इसलिए उठाया ये कदम
पूछताछ में पता चला कि वह 17 साल की है। वह कुंवारी है, लेकिन फिर भी गर्भवती गई थी। उसने कहा कि लोकलाज के भय से बचने के लिए उसने ऐसा कदम उठाया। उसने आगे कहा कि वह यहां पर अपनी मौसी के साथ रहती है और हीरा कारखाने में काम करती है।

पुलिस ने हिरासत में लेकर जुवेनाइल होम भेजा
पुलिस ने कहा कि नवजात की हत्या करना जुर्म है। ऐसे में नवजात की हत्या की कोशिश में उस नाबालिग मां को जुवेनाइल होम भेज दिया गया। बहरहाल, बच्चा स्मीमेर के एनआईसीयू वार्ड में भर्ती है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चा समय से पहले ही पैदा हो गया था, ऐसे में अभी उसका वजन काफी कम है।

15 सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो पकड़ी गई वह
पुलिस ने बताया कि कापोद्रा में स्थित कल्याण कुटीर सोसायटी के पास शनिवार की सुबह 8 बजे व्यापारी धनश्याम वघासी ने प्लास्टिक का वो बैग देखा था। उसकी सूचना पर ही सिपाहियों ने आसपास के 15 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला था। फिर, पाया कि किशोरी घर से प्लास्टिक की थैली लेकर बाहर निकलती दिखाई दे रही है, लेकिन लौटते समय उसके हाथ में वो थैेली नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications