गुजरात: कब्र से गायब हुई 2 माह की बच्ची की लाश, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई खुदाई, मगर..
सूरत. गुजरात में सूरत के डिंडोली क्षेत्र में दो माह की बच्ची की लाश कब्र से गायब हो गई। परिजन जब दूध पिलाने की रस्म अदा करने वहां गए, तो उन्हें कब्र के बाहर बच्ची के कपड़े पड़े मिले। जबकि, मृतदेह कहीं दिखाई नहीं दी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। इस मामले की तह जानने के लिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीन कब्रों की खुदाई की गई। हालांकि, लाश फिर भी नहीं मिली।

संवाददाता के अनुसार, दो माह पहले डिंडोली क्षेत्र के एक परिवार की दो महीने की बच्ची की मौत हुई थी। उसके मृतदेह को रावनगर कब्रस्तान में दफनाया गया था। इस्लाम की धार्मिक प्रथा पूरी करने परिजन बीते दिनों उस कब्र पर पहुंचा। वहां उन्हें दफनाते समय बच्ची को पहनाए गए कपड़े कब्र के बाहर पड़े दिखे। उन्होंने लाश को ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मिली। जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

कोर्ट द्वारा मंजूरी मिलने पर पुलिस अधिकारी एवं मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र को खोदा गया। इतना ही नहीं, परिवार से कोई ग़लती हुई होने की आशंका को लेकर आसपास की अन्य दो कब्र भी खोदी गईं। लेकिन फिर भी उस बच्ची का मृतदेह नहीं मिला। दो महीनों में मृतदेह गायब होने की बात को लेकर लोगों में गुस्सा दिखाई दिया। कई लोगों ने ब्लैकमैजिक के लिए मृतदेह चुराए जाने की आशंका जताई। बताया जा रहा है कि, दो महीने पहले भी शहर के लिंबायत में इसी प्रकार एक बच्ची का मृतदेह गायब हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications