कोरोना काल में पहली बार, सूरत एयरपोर्ट से 1 दिन में 2477 यात्रियों का आवागमन, इंडिगो की सबसे ज्यादा फ्लाइट्स
सूरत। कोरोना महामारी के बीच हवाई सफर करने वालों के दिन धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। गुजरात में सूरत एयरपोर्ट पर हुई यात्रियों की आवाजाही की ही बात की जाए, तो कोरोना काल में पहली बार एक दिन में 2477 यात्रियों का आवागमन हुआ है। यह दिखाता है कि, सूरत एयरपोर्ट अब सामान्य स्थिति में आने लगा है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात के इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को 1023 यात्री आए और 1454 कहीं गए। इतना ही नहीं, यहां से अब रोज 48 फ्लाइट्स का आवागमन भी होने लगा है। विगत 22 मार्च को लॉकडाउन लगने से पहले रोज 6 से 7 हजार तक यात्री आवाजाही करते थे। बाद में जब लॉकडाउन लगा तो यह संख्या सिमट कर 200 से भी कम रह गई।

मार्च के बाद अप्रैल महीने से 25 मई तक घरेलू उड़ानें पूरी तरह से रद्द होने से ट्रैफिक ग्रोथ जीरो हो गई थी। इसका मतलब यह है कि, कोरोना के चलते लोगों ने हवाई सफर नहीं किया। हां, विदेशों से आने वालों की ही फ्लाइट्स हुईं। अब यह अच्छी बात है कि, कोरोना काल में पहली बार एक दिन में 2477 यात्रियों का आवागमन हुआ। और, यह किसी से छिपा नहीं है कि इन दिनों गुजरात में सूरत कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बना हुआ है।
रोज जिस विमानन एजेंसी की फ्लाइट्स सबसे ज्यादा दर्ज हो रही हैं, उनमें 10 के साथ इंडिगो पहले नंबर पर है। उसके बाद 8 के साथ स्पाइस जेट एवं फिर 6 के साथ एयर इंडिया का नंबर है। सूरत से भोपाल की फ्लाइट्स की संख्या ज्यादा है।












Click it and Unblock the Notifications