आपके रुपए गिर रहे हैं कहते हुए गनमैन का ध्यान भटकाया, फिर क्राइम ब्रांच से 200 मीटर दूरी पर 20 लाख लूटे
सूरत। गुजरात में सूरत के मुगली सराय क्षेत्र में एसबीआई बैंक के सामने क्राइम ब्रांच से महज 200 मीटर की दूरी पर 20 लाख रुपए की लूट हो गई। यहां तीन बदमाशों ने गन मैन को चकमा देकर एक कैश वैन को निशाना बनाया। बदमाशों ने गनमैन से कहा, आपके रुपए गिर रहे हैं! यह सुनकर गनमैन रुपए लेने वैन से बाहर निकला, उसके उतरने के तुरंत बाद ही बदमाशों ने 19.52 लाख रुपए लूट लिए। रुपयों से भरे बैग को बदमाश ऑटो में डालकर फरार हो गए। चौक बाजार में दिन-दहाड़े हुई लूट की इस वारदात से कोहराम मच गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की।

संवाददाता के अनुसार, लूट की घटना के बाद क्राइम ब्रांच ने उस ऑटो वाले को हिरासत में लिया है, जिसके ऑटो में बदमाश बैठकर भागे थे। वहीं, लुटने वाली वैन के गन मैन रमेश सिंह ने बतायाकि बदमाशों ने मुझे चकमा दिया था। उन तीनों बदमाशों में से एक बदमाश ने पहले कैश वैन के पास 430 रुपए गिरा दिए थे। फिर, मुझसे कहा कि आपके पैसे गिर गए हैं। मैं जैसे ही वैन से नीचे उतर कर रुपए उठाने लगा, तो दूसरा बदमाश वैन से भरा बैग निकाल ले गया।' क्राइम ब्रांच से जुड़े सूत्रों ने कंपनी के ही किसी व्यक्ति की मिलीभगत की आशंका जताई है। जांच-पड़ताल पूरी होने के बाद ही ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।












Click it and Unblock the Notifications