कांग्रेस सांसद का मेनका गांधी पर तंज, कहा- एक टूरिस्ट की तरह आई हैं सुल्तानपुर
uttar pradesh news in hindi , सुल्तानपुर। कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी व मौजूदा राज्यसभा सदस्य डॉक्टर संजय सिंह ने बीजेपी उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के सुल्तानपुर दौरे पर चुटकी ली है। संजय सिंह ने मोतिगरपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मेनका जी एक टूरिस्ट के रूप में सुल्तानपुर आई हैं। वह कहती हैं कि सुल्तानपुर उनके पति की कर्मभूमि रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि सुल्तानपुर उनके पति की कर्मभूमि कभी भी नहीं रही। उनको सुल्तानपुर की जनता को यह जवाब भी देना चाहिए कि ऐसी कौन सी मजबूरी थी, जिसके चलते 35 सालों के बाद उनको सुल्तानपुर की याद आई?

संजय सिंह ने एक जनसभा में यह भी कहा कि सुल्तानपुर का यह चुनाव देश का चुनाव है। देश के प्रधानमंत्री का चुनाव है इसलिए बिना किसी डर के, बिना किसी दबाव के और बेहद होशियारी से अपने मत का प्रयोग करें। आप लोग कांग्रेस की सरकार बनवाएं। उन्होंने कहा यदि कांग्रेस की सरकार बनती है तो कांग्रेस पार्टी हर गरीब के खाते में 72000 रुपए सालाना डालेगी।खाली पड़ी सभी सरकारी नौकरियां अगले साल तक भर दी जायेंगीं। बच्चों को 12वीं तक की शिक्षा मुफ्त मिलेगी और कांग्रेस सरकार ऐसी व्यवस्था करेगी कि किसी भी कर्जदार किसान को जेल नहीं जाना पड़ेगा।
संजय ने आगे कहा कि राहुल गांधी का यह वादा है कि सरकार आने पर किसानों के लिए अलग से बजट बनाया जाएगा, जिससे उनकी समस्याओं का बेहतर तरीके से समाधान किया जा सके उनके लिए अलग से बजट आवंटित किया जा सके और उन्हें उन्नत खेती के लिए प्रशिक्षण भी दिलाया जा सके। इसके बजाए यदि मोदी सरकार फिर आई तो फिर पांच साल जुमले ही मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications