शादी के 8 साल बाद शौहर ने गुजरात से किया बीवी को फोन, कहा तलाक-तलाक-तलाक...
सुल्तानपुर. देश में ट्रिपल तलाक पर सजा का कानून आ जाने के बाद भी ऐसी घटनाएं नहीं थम रहीं। मेनका गांधी के संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर में रहने वाली एक महिला को उसके पति ने फोन पर तलाक दे दिया। महिला के मुताबिक, उनकी शादी को 8 साल हो चुके हैं। विगत गत 26 जनवरी को पति ने गुजरात से फोन किया था। कॉल पर उसने यही कहा, तलाक-तलाक-तलाक..।

पीड़िता महिला ने गोसाईगंज थाने मुकदमा दर्ज कराया है। महिला दो बच्चों की मां है। उसका कहना है कि, शौहर ने दहेज के लिए मुझे घर से निकाल दिया। संवाददाता के अनुसार, अफसाना बानो पुत्री मोहम्मद सगीर गोसाईगंज थाना क्षेत्र के भोयें गांव की निवासी है। उसने शिकायत दर्ज कराई है कि, आठ साल पहले उसका निकाह कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गंगापुर कुछमुछ गांव निवासी शमीम अहमद पुत्र सईद अहमद से हुआ था।
अफसाना बानो के आरोप हैं कि, शादी के कुछ समय बाद से ही शौहर और सास-ससुर दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। बाद में उन्होंने घर से निकाल दिया था। अब अपने बच्चों के साथ मायके में रह रही है। बीते 26 जनवरी को गुजरात से शौहर ने फोन किया और मौखिक रूप से तीन तलाक दे दिया।
पीड़ित अफसाना बानो की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बता दें कि, पिता के घर रह रही पीड़िता ने शौहर द्वारा तीन तलाक दिए जाने के बाद स्थानीय थाने पर पहुंचकर अपनी पीड़ा बयां की थी। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर दलवीर सिंह का कहनाहै कि मामले में शमीम अहमद आरोपी है।












Click it and Unblock the Notifications